हिंदी
गाजियाबाद में शिवभक्ति का सैलाब (Img: Social Media)
Ghaziabad: गाजियाबाद में सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मठ महादेव मंदिर में आधी रात से ही श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक शुरू कर दिया। सुबह होते-होते मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। हाथों में गंगाजल और मन में आस्था लिए शिवभक्त घंटों इंतजार करते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।
रात 12 बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक
सावन माह की शिवरात्रि को लेकर दूधेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का पहुंचना देर रात से ही शुरू हो गया था। जैसे ही रात 12 बजे जलाभिषेक का समय शुरू हुआ, भक्तों ने भगवान शिव का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। सुबह तक मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में भारी भीड़ जमा हो गई। कई श्रद्धालु दूर-दराज के इलाकों से गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे। कांवड़ियों के परिवार के सदस्य भी बाबा दूधेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे।
त्रेता युग से जुड़ी है मंदिर की मान्यता
दूधेश्वरनाथ मठ महादेव मंदिर को बेहद प्राचीन और धार्मिक महत्व वाला मंदिर माना जाता है। मान्यता है कि इस मंदिर का संबंध त्रेता युग से जुड़ा हुआ है। हर साल सावन शिवरात्रि के मौके पर देश-प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। भक्तों का कहना है कि बाबा दूधेश्वरनाथ के प्रति उनकी गहरी आस्था है। कई श्रद्धालु वर्षों से शिवरात्रि पर यहां पहुंचकर जलाभिषेक करते हैं और अपनी मनोकामनाएं भगवान शिव के सामने रखते हैं।
4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान
मंदिर प्रशासन और अधिकारियों के अनुसार, इस बार सावन शिवरात्रि पर दूधेश्वरनाथ मंदिर में करीब 4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं।
पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड, एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरन नैयर और डीसीपी धवल जायसवाल देर रात तक कांवड़ मार्गों और शहर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे। मंदिर के करीब आधा किलोमीटर पहले ही सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। श्रद्धालुओं को पैदल ही मंदिर तक पहुंचना पड़ रहा है। भीड़ और यातायात नियंत्रण के लिए शहर के कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है।
आस्था और व्यवस्था का दिखा संगम
सावन शिवरात्रि पर दूधेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और सुरक्षा व्यवस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। एक तरफ जहां लाखों शिवभक्त बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं, वहीं प्रशासन भी पूरे इंतजाम के साथ व्यवस्था संभालने में जुटा हुआ है।
Location : Ghaziabad
Published : 11 August 2026, 2:09 PM IST