तेज रफ्तार कार ने गाय को मारी टक्कर, मौत के बाद ग्रामीणों ने डॉक्टर को घेरा; जांच में जुटी पुलिस

बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से गाय की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने कार सवार डॉक्टर राहुल सिद्धार्थ पर नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाते हुए उनकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने डॉक्टर को हिरासत में लेकर कार कब्जे में ली है और मेडिकल जांच समेत पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 11 August 2026, 2:48 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के अलापुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी गाय को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार सवार डॉक्टर को घेर लिया। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि ग्रामीणों ने डॉक्टर को कार से बाहर खींचकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने डॉक्टर पर नशे में कार चलाने का आरोप लगाया है।

तेज रफ्तार कार ने गाय को मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक उसावां के MOIC डॉ. राहुल सिद्धार्थ अपनी कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान अलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़ी गाय से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई।

इलाज या जिंदगी से खिलवाड़? बदायूं में 1 महीने के अंदर एक निजी नर्सिंग होम में चौथी मौत से मचा कोहराम

ग्रामीणों ने डॉक्टर को कार से उतारकर पीटा

हादसे के बाद मामला सिर्फ दुर्घटना तक सीमित नहीं रहा। गुस्साए ग्रामीणों ने डॉक्टर को कार से बाहर निकाल लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की, लेकिन काफी देर तक हंगामा चलता रहा। ग्रामीणों का आरोप था कि अगर डॉक्टर नशे में कार नहीं चला रहे होते और वाहन की रफ्तार नियंत्रित होती तो शायद गाय की जान बच सकती थी।

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया। वीडियो में कुछ ग्रामीण डॉक्टर के साथ बहस करते और उनकी पिटाई करते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और चर्चा में आ गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के सामने अब मारपीट करने वालों की पहचान करने की चुनौती भी है। पुलिस हादसे के साथ-साथ डॉक्टर के साथ हुई मारपीट की घटना की भी जांच कर रही है।

बदायूं में दर्दनाक हादसा: कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे में उतरा हाईटेंशन करंट, एक की मौत और 7 बच्चे गंभीर रूप से झुलसे

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला

हंगामे की सूचना मिलते ही अलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और डॉक्टर को भीड़ से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने डॉक्टर को हिरासत में लिया और उनकी कार को भी कब्जे में ले लिया। मृत गाय के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की गई है।

तहरीर के आधार पर दर्ज होगा मुकदमा

थाना प्रभारी के मुताबिक मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे और मारपीट दोनों पहलुओं की जांच कर रही है। अगर मेडिकल जांच में डॉक्टर के नशे में होने की पुष्टि होती है तो उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है। वहीं डॉक्टर के साथ मारपीट करने वाले ग्रामीणों की पहचान होने पर उनके खिलाफ भी कानून के मुताबिक कार्रवाई की जा सकती है।

Location :  Budaun

Published :  11 August 2026, 2:48 PM IST

Advertisement