हिंदी
बस्ती का युवक गिरफ्तार (Source: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज के फरेंदा कस्बे में बुधवार को तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। संदिग्ध हालत में नजर आई एक बलैनो कार को पुलिस टीम ने रोककर तलाशी ली। कार के अंदर बड़ी मात्रा में सामान देखकर पुलिस भी सतर्क हो गई।
तलाशी के दौरान कार से सात बोरी अखरोट, 12 बोरी फेयर एंड लवली पाउच, मैगी के दो गत्ते और चार प्लास्टिक में रखी फेयर एंड लवली क्रीम की 275 ट्यूब बरामद हुईं।
पुलिस ने कार सवार युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सुनील मिश्रा (34) पुत्र देवतामनी मिश्रा, निवासी ग्राम नदाई हरहिया, थाना हरैया, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।
पुलिस ने सामान ले जाने में इस्तेमाल बलैनो कार संख्या UP 56 AY 1907 को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी से बरामद सामान के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि कार में बरामद सामान कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस को आशंका है कि सामान की आवाजाही के पीछे तस्करी का नेटवर्क हो सकता है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।
मामले में फरेंदा थाने में मु0अ0सं0 NIL/2026 के तहत धारा 111 कस्टम अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक जिले में तस्करी की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाई गई है।
थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में उपनिरीक्षक सौरभ पटेल, कांस्टेबल अनिल कुमार यादव, रिजर्व कांस्टेबल गौरव वर्मा और रिजर्व कांस्टेबल अजय यादव शामिल रहे। पुलिस अब बरामद सामान और आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Location : Maharajganj
Published : 12 August 2026, 1:14 PM IST