हिंदी
अखिलेश यादव (IMG: Dynamite News)
Noida Desk: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के जेवर (Jewar) स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) पर भारी बारिश के बाद ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जिसने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। टर्मिनल परिसर को पार्किंग एरिया से जोड़ने वाली सड़क पर अचानक पानी भर गया। जलभराव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद विपक्ष ने इसे लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) प्रमुख अखिलेश यादव (Akhikesh Yadav) ने भाजपा सरकार (BJP Government) पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए तंज कसा कि, “अब क्या एयरपोर्ट पर नाव चलेगी? जहां भाजपा सरकार, वहां महा-भ्रष्टाचार!” अखिलेश यादव ने एयरपोर्ट पर हुए जलभराव को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और इसे भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए निशाना साधा। उनके बयान के बाद यह मुद्दा राजनीतिक रूप से भी गर्मा गया है।
करोड़ों की लागत वाले एयरपोर्ट पर उठे सवाल
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण यानी फेज-1 प्रोजेक्ट पर करीब 11,282 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं पूरे एयरपोर्ट प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत लगभग 29,560 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस आधुनिक एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को किया था। अब बारिश के दौरान टर्मिनल-पार्किंग कनेक्टिंग एरिया में पानी भरने की घटना के बाद इसकी जल निकासी व्यवस्था चर्चा में आ गई है। हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया था और यात्रियों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
बारिश के बाद टर्मिनल-पार्किंग इलाके में भरा पानी
जेवर में लगातार हुई तेज बारिश के कारण नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल और पार्किंग क्षेत्र को जोड़ने वाले हिस्से में पानी जमा हो गया। सामने आए वीडियो में सड़क पर काफी मात्रा में पानी दिखाई दे रहा है। इस दौरान यात्रियों और कर्मचारियों के बीच भी स्थिति को लेकर चर्चा शुरू हो गई। एयरपोर्ट अधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि बारिश की वजह से कुछ समय के लिए पानी जमा हुआ था, लेकिन तुरंत कार्रवाई करते हुए जल निकासी कर दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, करीब आधे घंटे के भीतर स्थिति सामान्य हो गई थी।
Location : Noida
Published : 12 August 2026, 1:06 PM IST