हिंदी
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह
Deoria : गांवों की सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मियों की हर गतिविधि पर मोबाइल की लाइव लोकेशन के जरिए नजर रखी जाएगी। अगर कोई सफाई कर्मी अपनी तैनाती वाली ग्राम पंचायत छोड़कर किसी दूसरे स्थान पर मिला तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस नए फैसले के बाद लापरवाही करने वाले कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में स्वच्छ भारत मिशन के तहत कुल 2,108 सफाई कर्मी अलग-अलग ग्राम पंचायतों में तैनात हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें मिलने के बाद प्रशासन ने यह नई व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है।
अब सफाई कर्मियों की उपस्थिति और उनके कार्यस्थल की जानकारी सिर्फ रजिस्टर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मोबाइल लाइव लोकेशन के जरिए इसकी निगरानी की जाएगी।
एक झगड़ा और बदल गई कहानी! देवरिया में चाकूबाजी के आरोपी की गिरफ्तारी से खुला बड़ा मामला
सीडीओ ने सभी सफाई कर्मियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपना मोबाइल फोन चालू रखें। इस दौरान उनकी लोकेशन के आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि वे अपनी निर्धारित ग्राम पंचायत में मौजूद हैं या नहीं।
यदि जांच के दौरान कोई कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र से बाहर पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सिर्फ सफाई कर्मियों की निगरानी ही नहीं, बल्कि अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की है। सभी खंड विकास अधिकारियों और पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे रोजाना कम से कम 10 ग्राम पंचायतों का निरीक्षण करें।
निरीक्षण के दौरान अगर किसी सफाई कर्मी की लापरवाही, अनुपस्थिति या काम में कमी पाई जाती है तो इसकी जानकारी तुरंत जिला पंचायत राज अधिकारी को देनी होगी।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि इस नई व्यवस्था का उद्देश्य सफाई कर्मियों पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करना है। प्रशासन चाहता है कि प्रत्येक कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी के अनुसार ग्राम पंचायत में नियमित रूप से काम करे और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
Location : Deoria
Published : 7 August 2026, 4:47 AM IST