हिंदी
हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Sambhal: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव धर्मपुर में एक शादी समारोह उस समय हड़कंप में बदल गया, जब मिठाई खाने के बाद 100 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। बताया जा रहा है कि दावत में परोसी गई लौकी की लौज खाने के बाद लोगों को अचानक उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई। बीमारों में बराती और घराती दोनों शामिल हैं।
गांव मोलनपुर डांडा के मजरा धर्मपुर में रविवार रात वीरपाल की बेटी की शादी थी। समारोह में करीब 700 लोग शामिल हुए थे। खाने में कई व्यंजन के साथ मिठाई के रूप में लौकी की लौज और रसगुल्ले परोसे गए थे। रात करीब एक बजे के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। कई लोगों को अचानक उल्टी और दस्त शुरू हो गए, जिससे अफरातफरी मच गई।
Sambhal News: संभल में अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट, बदमाशों ने पुलिस पर की अंधाधुंध फायरिंग
सुबह होते-होते गांव के करीब 50 लोग बीमार पड़ चुके थे। वहीं, बरात में शामिल अन्य गांवों के लोग भी अपने घर पहुंचकर बीमार हो गए। गांव सिंघौला दौलतसिंह से आए करीब 30 लोग भी इसकी चपेट में आ गए। ग्रामीणों के अनुसार कुल मिलाकर 100 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।
अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत खराब होने के कारण कई लोगों को गवां और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। कुछ लोगों को ड्रिप लगाई गई, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार हुआ। कई लोग प्राथमिक उपचार के बाद घर लौट आए।
शादी के आयोजक वीरपाल ने बताया कि सभी भोजन और मिठाइयां घर पर ही तैयार की गई थीं। मावा और अन्य सामग्री गवां कस्बे की दुकानों से खरीदी गई थी। इसी मावे से रसगुल्ले और लौकी की लौज बनाई गई थी। प्रारंभिक जानकारी में अधिकतर बीमार लोगों ने लौज खाने की बात कही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बीमार लोगों से पूछताछ की। टीम ने जांच के लिए रसगुल्ले और लौकी की लौज के सैंपल भी लिए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लौकी की लौज से लोगों के बीमार होने की आशंका लग रही है।
Location : Sambhal
Published : 28 April 2026, 8:59 AM IST