Uttar Pradesh Assembly: सपा का उत्तर प्रदेश विधानसभा में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, उठाए कई अहम मुद्दे

उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी के माननीय विधायकों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में पार्टी ने सरकार की नीतियों को निशाना बनाते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी आवाज उठाई, जिनमें PDA की हकमारी, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याएं और वोट चोरी जैसे मामले शामिल थे।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 11 August 2025, 11:31 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी के विधायकों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने PDA (पब्लिक डिस्ट्रिब्यूशन सिस्टम) की हकमारी, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और किसानों की समस्याओं पर अपना विरोध दर्ज किया। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने वोट चोरी जैसी अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया है।

चौबीस घंटे चलेगी चर्चा

उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र आज, सोमवार से शुरू हो रहा है, जो चार दिन तक चलेगा। यह सत्र न सिर्फ विधायी कामकाज के लिहाज से अहम रहने वाला है, बल्कि सरकार और विपक्ष दोनों के लिए राजनीतिक एजेंडा सेट करने का बड़ा मंच भी बनने जा रहा है। योगी सरकार इस सत्र को ऐतिहासिक बनाने की योजना के तहत 13 अगस्त को 24 घंटे की नॉन-स्टॉप चर्चा आयोजित करने जा रही है। यह चर्चा ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश- विजन डॉक्यूमेंट 2047’ पर केंद्रित होगी, जिसमें सरकार अपने विकास मॉडल और भावी योजनाओं को सामने रखेगी। वहीं, विपक्ष इस मंच का उपयोग सरकार को विफलताओं के लिए घेरने में करेगा। विधानसभा सत्र के दूसरे दिन, यानी 13 अगस्त की सुबह 11 बजे से लेकर 14 अगस्त दोपहर 2 बजे तक, उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा और आगामी योजनाओं पर 24 घंटे की चर्चा होगी। इस दौरान योगी सरकार के सभी मंत्री अपने-अपने विभागों के कार्यों और भविष्य की योजनाओं का खाका सदन के पटल पर रखेंगे।

जोरदार प्रदर्शन के साथ शुरू हुआ मॉनसून सत्र

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र की शुरुआत समाजवादी पार्टी (सपा) के जोरदार विरोध प्रदर्शन के साथ हुई। जैसे ही विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई, सपा समेत अन्य विपक्षी दलों ने नारेबाजी और हंगामे के जरिए सरकार के खिलाफ आक्रोश जाहिर किया। सपा विधायकों ने विधानसभा के बाहर बैनर और तख्तियों के साथ रैली निकाली। इन पर लिखा, "आप चलाइए मधुशाला, हम चलाएंगे पीडीए पाठशाला" और "उत्तर प्रदेश में अपराधी घूमे बेखौफ।" सपा नेताओं ने महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और वोट की लूट जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गोरखपुर यात्रा के दौरान उनके खिलाफ जानबूझकर साजिश रची गई। वहां बुलडोजर के माध्यम से रास्ता रोका गया और जटाशंकर चौराहा पर उनकी गाड़ी को रोककर बदसलूकी की गई। उन्होंने इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।

गौरतलब है कि इस बार विधानसभा का सत्र केवल 4 दिन का है, लेकिन इसमें 24 घंटे की कार्यवाही विशेष आकर्षण का केंद्र होगी, जिसमें मंत्रीगण अपने-अपने विभागों का विजन डॉक्यूमेंट पेश करेंगे। विपक्ष के तेवरों को देखते हुए यह सत्र गरम रहने की पूरी संभावना है।

 

Location :