बेटियों ने लहराया परचम, सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में साइना मिश्रा बनीं जिला टॉपर

सीबीएसई बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजों में इस बार बलरामपुर जिले की बेटियों ने इतिहास रच दिया है और टॉप पांच स्थानों पर एकतरफा कब्जा जमाकर जिले का नाम रोशन किया है।

Updated : 13 May 2026, 9:36 PM IST
google-preferred
Balrampur: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा बारहवीं के परीक्षा परिणामों में एक बार फिर जिले की बेटियों ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। इस वर्ष की प्रावीण्य सूची में छात्राओं ने एकतरफा दबदबा कायम करते हुए शीर्ष पांच स्थानों पर अपना कब्जा जमाया है। परिणाम जारी होने के बाद सफल परीक्षार्थियों के शिक्षण संस्थानों और परिवारों में उत्सव का माहौल देखा जा रहा है।
96 प्रतिशत अंक अर्जित
इस वर्ष के परीक्षा परिणामों में सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल की छात्रा साइना मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 97.2 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय घूघुलपुर की नैनसी वर्मा 96 प्रतिशत अंक अर्जित कर जनपद में दूसरे स्थान पर रहीं।
सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल की ही सिद्धिता सिंह ने 95.6 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। चौथे स्थान पर जवाहर नवोदय विद्यालय घूघुलपुर की दिव्या चौधरी रहीं, जिन्हें 94.4 प्रतिशत अंक मिले हैं, जबकि फातिमा इंटर कॉलेज की साक्षी यादव 93.8 प्रतिशत अंक पाकर पांचवें स्थान पर रहीं।
मेधावियों की इस सूची में छठे स्थान पर संयुक्त रूप से दो छात्र रहे, जिनमें सेंट जेवियर्स के प्रतीक सिंह और पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय के रुद्रांश कुमार राय ने 93.2 प्रतिशत अंक हासिल किए। सेंट जेवियर्स के अभ्युदय यादव 92.8 प्रतिशत अंकों के साथ सातवें और आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल तुलसीपुर के उमंग गुप्त 92.6 प्रतिशत अंकों के साथ आठवें स्थान पर रहे।
नौवें स्थान पर भी सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल का दबदबा रहा, जहाँ अनिकेत सिंह और सिद्धांत पांडेय ने संयुक्त रूप से 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। सूची के अंतिम पायदान यानी दसवीं रैंक पर सेंट जेवियर्स की एलिजा राशिद और पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय के अभिषेक वर्मा ने 92.2 प्रतिशत अंक लाकर संयुक्त रूप से अपनी जगह पक्की की।
इस वर्ष के परीक्षा परिणामों के विश्लेषण से साफ है कि मेधा सूची में सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल के सर्वाधिक सात विद्यार्थियों ने जगह बनाकर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया है।जिले के प्रबुद्ध नागरिकों और शिक्षाविदों ने सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी है। स्कूल प्रशासन ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया और छात्र-छात्राओं की निरंतर निरंतरता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को इस शानदार सफलता का मुख्य आधार बताया।

Location :  Balrampur

Published :  13 May 2026, 9:06 PM IST

Related News

Advertisement