हिंदी
सहारनपुर के सिद्धपीठ शाकम्भरी देवी क्षेत्र में नवरात्र मेले से पहले पोस्टर लगाकर नई मांग उठाई गई है। कुछ हिंदू संगठनों ने मेले में रोजगार और प्रवेश को लेकर अपनी बात रखी है, जबकि प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
नवरात्र मेले से पहले बढ़ी हलचल (Img- Internet)
Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में स्थित सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी क्षेत्र में आगामी नवरात्र मेले से पहले नई चर्चा शुरू हो गई है। मेले की तैयारियों के बीच कुछ हिंदू संगठनों ने मेले में व्यापार और प्रवेश को लेकर अपनी मांगें सामने रखी हैं। इन मांगों के सामने आने के बाद क्षेत्र में प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल बढ़ गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, शाकम्भरी देवी क्षेत्र में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों के माध्यम से नवरात्र मेले के दौरान गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने और मेले में रोजगार के अवसर केवल हिंदू समाज के लोगों को देने की मांग की गई है। पोस्टर लगने के बाद यह मुद्दा स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री योगेश चौहान ने बताया कि 19 मार्च से नवरात्र मेला शुरू होने जा रहा है, जिसमें दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उनका कहना है कि मेले के दौरान होने वाले व्यापार और रोजगार के अवसर स्थानीय हिंदू समाज के लोगों को ही मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रशासन को भी अवगत कराया गया है।
सहारनपुर में नशा तस्करों का बड़ा नेटवर्क ढहा, पुलिस ने कई अपराधियों को दबोचा
योगेश चौहान ने यह भी कहा कि मेले के दौरान यदि कोई व्यक्ति अपनी पहचान छिपाकर या भेष बदलकर किसी गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो इसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज इस मुद्दे को लेकर सतर्क रहेगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
मेले से पहले उठी इन मांगों के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा मेले की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
हर साल आयोजित होने वाला शाकम्भरी देवी नवरात्र मेला उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक मेलों में से एक माना जाता है। इस दौरान हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं। प्रशासन का ध्यान इस बार भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर केंद्रित है।
सहारनपुर में हुआ बड़ा प्रशासनिक एक्शन, एक आदेश और मच गया हड़कंप; जानिये क्या है पूरा मामला
मेले से पहले उठे इस मुद्दे के बाद अब सभी की नजर प्रशासन के रुख और आगे होने वाली व्यवस्थाओं पर है। प्रशासन की कोशिश रहेगी कि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा सकें।