हिंदी
रामपुर समाचार: छेड़खानी(Source: google)
Rampur: उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने सरेराह एक दंपती को अपना निशाना बनाया। मुरादाबाद से अपने मायके आ रही एक महिला और उसके पति का बाइक सवार दो युवकों ने देर रात तक पीछा किया और कार रुकवाकर छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपियों ने पति के साथ मारपीट भी की। हालांकि, परिजनों की मुस्तैदी से दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया।
पीड़ित दंपती के अनुसार, वे शुक्रवार देर रात मुरादाबाद से रामपुर की ओर आ रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवक उनकी कार के पीछे लग गए। शाहबाद क्षेत्र में पहुंचते ही आरोपियों ने ओवरटेक कर बाइक कार के आगे लगा दी और जबरन रुकवा लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए कार का दरवाजा खुलवाया और महिला के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। इस दौरान आरोपियों ने महिला को दुष्कर्म की धमकी भी दी, जिससे दंपती दहशत में आ गया।
जब पति ने अपनी पत्नी को बचाने का प्रयास किया और विरोध दर्ज कराया, तो नशे में धुत आरोपियों ने उसे कार से बाहर खींच लिया और सड़क पर ही बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच महिला ने हिम्मत दिखाते हुए फोन पर अपने परिजनों को सूचना दे दी।
मौके पर पहुँचे परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों हमलावरों को घेराबंदी कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में दोनों आरोपी नशे की हालत में पाए गए हैं। उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई तेज कर दी है।
Location : Rampur
Published : 2 May 2026, 4:53 AM IST
Topics : Breaking News crime news Local News RAMPUR UP Police