बेटे की मौत की खबर सुन मां ने पिया तेजाब, 8 साल का अमान बारिश के पानी से बचते-बचते खुले नाले में समाया

रामपुर में बारिश के पानी से बचकर घर लौट रहा आठ साल का अमान अचानक खुले नाले में जा गिरा। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन परिवार की खुशियां मातम में बदल चुकी थीं। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां ने भी भयावह कदम उठा लिया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 August 2026, 1:32 PM IST
google-preferred

Rampur: रामपुर में बारिश के बाद सड़क पर जमा पानी से बचने की कोशिश एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। स्कूल से घर लौट रहा आठ साल का अमान अचानक खुले नाले में जा गिरा। करीब एक घंटे की तलाश के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बेटे की मौत की खबर घर पहुंची तो मां की हालत ऐसी बिगड़ी कि परिवार के लोग भी घबरा गए।

जलभराव से बचने के लिए किनारे चल रहा था अमान

मामला रामपुर शहर के अजीतपुर इलाके का है। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद आठ वर्षीय अमान अपने घर लौट रहा था। वह एक पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा था। बताया जा रहा है कि पानी से बचने के लिए अमान सड़क के किनारे से आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह खुले नाले में जा गिरा। नाले में पानी का बहाव तेज था, इसलिए बच्चे को संभलने का मौका नहीं मिला।

दुकानदारों ने दी पुलिस को सूचना

हादसा होते देख आसपास के लोगों और दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और नगर पालिका की टीम को बुलाया गया। बच्चे की तलाश के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। नाले का दूसरी तरफ का हिस्सा खोलकर रेस्क्यू शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अमान नाले के अंदर एक सरिया के सहारे लटका हुआ मिला। उसे तुरंत बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अमान को मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें- जिस मां ने बेटी को पालकर बड़ा किया, उसी ने प्रेमी के लिए उसकी जान ले ली… आगे की कहानी रोंगटे खड़े कर देगी

बेटे की मौत की खबर सुनकर मां ने उठाया खौफनाक कदम

अमान की मौत की खबर जब उसकी मां नगमा तक पहुंची तो घर में मातम छा गया। परिवार के मुताबिक, बेटे की मौत से वह बुरी तरह टूट गईं। इसी दौरान वह घर के बाथरूम में गईं, जहां सफाई के लिए रखा तेजाब मौजूद था। आरोप है कि नगमा ने तेजाब पीने की कोशिश की। घर में मौजूद उनकी फूफी ने उन्हें रोकने की कोशिश की और बोतल हाथ से छीन ली। हालांकि तब तक तेजाब पीने के कारण उनकी हालत बिगड़ चुकी थी।

परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।

पिता अहमदाबाद में करते हैं काम

अमान के पिता जमीर खां परिवार का खर्च चलाने के लिए अहमदाबाद में रंगाई-पुताई का काम करते हैं। हादसे के समय वह घर पर नहीं थे। अमान अपनी मां, बड़े भाई अरमान और बड़ी बहन के साथ रहता था। परिवार के लिए यह हादसा इसलिए भी बेहद दर्दनाक है क्योंकि जिस बच्चे के स्कूल से लौटने का इंतजार था, उसकी मौत की खबर अचानक घर पहुंची।

ये भी पढ़ें- इस तारीख को साकार होगा भव्य राम मंदिर परिसर के निर्माण का सपना, जानिए म्यूजियम और ऑडिटोरियम पर क्या बोले नृपेंद्र मिश्र

खुले नाले ने फिर उठाए सवाल

अजीतपुर क्षेत्र में नाले को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल भी उठ रहे हैं। बताया गया है कि कुछ हिस्सों में नाला ढका हुआ है, जबकि कई जगह वह खुला है। बारिश के दौरान यही नाला शौकत अली रोड से आने वाले पानी के साथ ज्वाला नगर, आगापुर और अजीतपुर के पानी का भी रास्ता बन जाता है।

पानी का तेज बहाव और खुले नाले का खतरा मिलकर अमान के लिए जानलेवा साबित हुआ। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि करीब एक घंटे के रेस्क्यू के बाद बच्चे का शव मिला। उन्होंने यह भी कहा कि मां के तेजाब पीने की जानकारी सामने आई है और उनका इलाज चल रहा है।

Location :  Rampur

Published :  20 August 2026, 1:32 PM IST

Related News

Advertisement