हिंदी
छापेमारी
Muzaffarnagar : बकरीद पर्व से पहले जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। थाना चरथावल क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने रविवार को बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई का मकसद त्योहार के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना बताया जा रहा है।
अभियान के दौरान टीम ने गांव चौकड़ा स्थित महताब डेयरी पर पहुंचकर मिल्क केक का नमूना लिया। इसके बाद गांव कुटेसरा निवासी अब्दुल रहमान के प्रतिष्ठान पर छापा मारा गया। जहां से रिफाइंड पामोलीन ऑयल का सैंपल लिया गया। वहीं औरंग नियाजी के प्रतिष्ठान पर भी जांच की गई। जहां से पनीर, खोया, दही, घी और सफेद बर्फी समेत कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए। सभी सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
जांच के दौरान अब्दुल रहमान के प्रतिष्ठान पर करीब पांच पेटी संदिग्ध पामोलीन ऑयल भी मिला। अधिकारियों को आशंका है कि इस तेल का उपयोग मिलावटी पनीर या अन्य डेयरी उत्पाद बनाने में किया जा सकता था। भंडारण की स्थिति खराब पाए जाने पर टीम ने करीब 2808 रुपये कीमत का यह तेल मौके पर ही नष्ट करा दिया। इस कार्रवाई से अन्य दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया।
मुजफ्फरनगर में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पर्दाफाश, शादी के नाम पर खेला जा रहा था बड़ा खेल
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि सभी सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावट रोकना उनकी प्राथमिकता है और इसी वजह से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बकरीद के मद्देनजर यह अभियान अभी और तेज किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि जो भी दुकानदार मिलावट या संदिग्ध खाद्य पदार्थ बेचते पाए जाएंगे। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 25 May 2026, 3:57 AM IST
Topics : Bakrid 2026 Food Safety muzaffarnagar news UP News