प्रयागराज में पलटा पासा: 24 घंटे में कैसे बदली तस्वीर, राहुल गांधी के ‘गूंज’ कार्यक्रम को आखिरकार कैसे मिली हरी झंडी?

प्रयागराज में 24 घंटे के भीतर बड़ा राजनीतिक हलचल देखने को मिला है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि प्रशासन और केपी ट्रस्ट को अपना फैसला बदलना पड़ा? जानिए कैसे लिखित आश्वासन के बाद राहुल गांधी के "गूंज" कार्यक्रम का रास्ता साफ हुआ।

Updated : 7 August 2026, 9:22 AM IST
google-preferred

Prayagraj: प्रयागराज की राजनीति में पिछले चौबीस घंटों के भीतर एक नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम "गूंज" को लेकर असमंजस के बादल आखिरकार छट गए हैं। केपी ट्रस्ट ने अपने पहले के निरस्तीकरण आदेश को वापस लेते हुए कुछ जरूरी शर्तों के साथ इस कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति प्रदान कर दी है। जिला प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद केपी ट्रस्ट ने यह फैसला लिया है, जिसके तहत अब 8 अगस्त को केपी ग्राउंड में यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

आखिर 24 घंटे में ऐसा क्या हुआ कि प्रशासन और ट्रस्ट को बदलना पड़ा फैसला?

सवाल यह उठ रहा है कि आखिर महज चौबीस घंटों के भीतर ऐसा क्या बदलाव आया कि प्रशासन और प्रबंधन को अपना रुख बदलना पड़ा। दरअसल, शुरुआती दौर में प्रशासन और आयोजन स्थल को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी और कार्यक्रम के निरस्तीकरण की खबरें सामने आ रही थीं। लेकिन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा केपी ट्रस्ट को दिए गए एक ठोस और लिखित आश्वासन ने पूरी बाजी पलट दी। ट्रस्ट और प्रशासन की ओर से सुरक्षा, व्यवस्था और अन्य गतिविधियों को लेकर जो चिंताएं जताई गई थीं, उन्हें कांग्रेस नेताओं ने पूरी तरह से दूर करने का प्रयास किया।

प्रयागराज में राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ को हरी झंडी, कांग्रेस ने किया बड़ा वादा

अजय राय का लिखित आश्वासन और सख्त शर्तें

केपी ट्रस्ट को दिए गए अपने लिखित आश्वासन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान खेल मैदान और उसके प्रांगण की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। ट्रस्ट की सबसे बड़ी चिंता यह थी कि इस आयोजन से छात्रों के खेलकूद और नियमित गतिविधियों में कोई बाधा न आए। इस पर आश्वासन दिया गया कि छात्रों के खेलकूद में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं होगा। साथ ही, यह भी तय किया गया कि पूरे मैदान के बजाय केवल ग्राउंड के एक सीमित हिस्से का ही उपयोग इस कार्यक्रम के लिए किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, न्यायालय के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करने का भी वचन दिया गया।

राहुल गांधी के कार्यक्रम पर बड़ा यू-टर्न! रद्द हुई मंजूरी वापस, अजय राय के दांव से बदला पूरा खेल

8 अगस्त को केपी ग्राउंड में जुटेगा छात्रों का कारवां

तमाम शर्तो और आश्वासनों के पूरा होने के बाद अब रास्ता पूरी तरह साफ हो चुका है। जिला प्रशासन की हरी झंडी और केपी ट्रस्ट की औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद अब कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं में भारी उत्साह है। तय कार्यक्रम के अनुसार, आगामी 8 अगस्त को प्रयागराज के ऐतिहासिक केपी ग्राउंड में राहुल गांधी का बहुप्रतीक्षित छात्र संवाद कार्यक्रम "गूंज" आयोजित किया जाएगा। प्रशासन के इस नए फैसले और राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां जोरों पर शुरू हो चुकी हैं।

Location :  Prayagraj

Published :  7 August 2026, 9:22 AM IST

Related News

Advertisement