एक रात, 5 सर्राफा दुकानें और लाखों का माल साफ! CCTV भी उखाड़ ले गए चोर, रायबरेली में मचा हड़कंप

रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र के तकिया चौराहे पर चोरों ने एक ही रात में पांच सर्राफा दुकानों को निशाना बनाया। नकाबपोश चोर शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और CCTV कैमरे-DVR तक ले गए। सुबह चोरी का पता चलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में जुटी है।

Raebareli: जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र के तकिया चौराहे पर चोरों ने पुलिस की गश्त को चुनौती देते हुए एक ही रात में पांच सर्राफा दुकानों को निशाना बना लिया। नकाबपोश बदमाशों ने दुकानों के शटर तोड़े और अंदर घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान चोर दुकानों में लगे CCTV कैमरे और DVR भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।

एक ही रात में पांच दुकानों को बनाया निशाना

जानकारी के मुताबिक, चोरों ने तकिया चौराहे पर स्थित पांच सर्राफा दुकानों में चोरी की। सभी दुकानों के शटर के सामने वाले हिस्से को तोड़कर बदमाश अंदर दाखिल हुए। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो शटर टूटे देखकर उनके होश उड़ गए।

दुकानों के अंदर जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली। दुकानदारों के मुताबिक, चोरी में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, चोरी गए सामान की कुल कीमत का आकलन पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

CCTV कैमरे और DVR भी ले गए चोर

वारदात की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बदमाश सिर्फ जेवर और नकदी लेकर नहीं गए, बल्कि दुकानों में लगे CCTV कैमरों और DVR को भी उखाड़ ले गए। इससे साफ है कि चोरों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए दुकानों में लगे निगरानी उपकरणों को भी निशाना बनाया।

हालांकि, घटना से जुड़े कुछ CCTV फुटेज सामने आने की बात कही जा रही है, जिनके आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच कर रही है।

इन दुकानों में हुई चोरी

थाना प्रभारी संजय कुमार के मुताबिक, तकिया चौराहे पर बलराम की सर्राफा दुकान, रवि कुमार की अनीता ज्वेलर्स, शुभम की शुभम ज्वेलर्स, संजीव सोनी की प्रिया ज्वेलर्स और पंकज सोनी की पंकज ज्वेलर्स को चोरों ने निशाना बनाया।

पुलिस के अनुसार, सभी दुकानों में शटर तोड़कर प्रवेश किया गया और वहां रखे आभूषण व नकदी चोरी किए गए।

व्यापारियों में मचा हड़कंप

सुबह चोरी की जानकारी मिलते ही सभी दुकानदार मौके पर पहुंचे। दुकानों की हालत देखकर व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने दुकानदारों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस गश्त पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में पुलिस के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि तकिया चौराहा हाईवे के किनारे स्थित है और यहां पर्याप्त रोशनी भी रहती है। इसके बावजूद रात में एक साथ पांच दुकानों में चोरी हो जाना पुलिस गश्त पर सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश और घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच में जुटी है।

Location :  Raebareli

Published :  4 August 2026, 12:00 PM IST

Related News

Advertisement