हिंदी
कोतवाली महाराजगंज क्षेत्र
रायबरेली: कोतवाली महाराजगंज क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। हादसा कुबना गांव में हुआ जहाँ दिव्यांग ट्रैक्टर चालक तेज भवन उम्र 35 की मौत हो गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार रविवार को तेज भवन ट्रैक्टर-ट्राली लेकर हलौर की तरफ जा रहे थे। कुबना गांव स्थित जल निगम टैंक के पास उनका ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में घुस गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, खाई में ट्रैक्टर घुसने के दौरान तेज भवन का पैर ट्रैक्टर के क्लच में फंस गया। वह ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
नील गाय से टकराई बारातियों की कार
वहीं रायबरेली के खीरों थाना क्षेत्र के किसौली गांव के पास रविवार की देर रात तेज रफ्तार बारातियों से भरी कार नील गाय से टकरा गई। जिसके बाद सड़क पर पलट गई। आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस के द्वारा लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जहां पर डॉक्टर के द्वारा सभी का प्राथमिक उपचार किया गया है।हालत गंभीर होने पर दो को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि यह सभी उन्नाव सम्मेलन में हो रहे शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए हुए थे और वहीं से वापस रालपुर के लिए वापस हो रहे थे। तभी सामने से नील गाय आ गई। जिससे सभी लोग हादसे का शिकार हो गए।
घायलों में माया व पूनम सरेनी थाना क्षेत्र की रालपुर की रहने वाली बताई जाती हैं। वहीं कार चालक रामकृष्ण व एक अन्य घायल हरीशानंद भिटौरा जनपद फतेहपुर के रहने वाले बताए जाते हैं। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए।फिलहाल घायलों के परिवार जनों को सूचना दे दी गई है।पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार को कब्जे में ले लिया है।
Location : Raebareli
Published : 26 May 2025, 11:16 AM IST