हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स: गूगल)
New Delhi: कभी जरूरत के वक्त अपने ही पैसे तक पहुंच न होना किसी सजा से कम नहीं लगता। लेकिन अब तस्वीर बदलने वाली है। कर्मचारी भविष्य निधि यानी ईपीएफ से जुड़ा ऐसा सिस्टम तैयार हो चुका है, जो मुश्किल वक्त में लोगों को तुरंत राहत देगा। एटीएम कार्ड के जरिए पीएफ का पैसा निकालने की सुविधा जल्द लॉन्च होने वाली है, और इसके साथ ही करोड़ों लोगों की बड़ी परेशानी खत्म होने जा रही है।
अब बस लॉन्च का इंतजार
ईपीएफ सेवाओं में लगातार सुधार के बीच अब एक बड़ा बदलाव सामने आने वाला है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने अपने सदस्यों को एटीएम के जरिए सीधे पैसा निकालने की सुविधा देने की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। तकनीकी और ढांचागत स्तर पर सिस्टम तैयार हो चुका है और अब बस लॉन्च का इंतजार है।
नई सुविधा से यह झंझट खत्म हो जाएगा
संकेत मिल रहे हैं कि अगले महीने मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के मौके पर इस सेवा की शुरुआत की जा सकती है। अगर ऐसा होता है तो देश के करीब सात करोड़ ईपीएफ सदस्यों को बड़ा फायदा मिलेगा। अब तक पीएफ का पैसा निकालने के लिए लंबी प्रक्रिया और मंजूरी की जरूरत पड़ती थी, लेकिन नई सुविधा से यह झंझट खत्म हो जाएगा।
सिस्टम इस्तेमाल के लिए तैयार
सूत्रों के मुताबिक, एटीएम से कितनी रकम निकाली जा सकेगी, इसकी सीमा का ऐलान भी लॉन्च के समय किया जाएगा। श्रम मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और सिस्टम इस्तेमाल के लिए तैयार है।
“दो स्टूल मिलाकर कुर्सी नहीं बनती”, डिप्टी सीएम पर अखिलेश यादव ने कसा तंज
ईपीएफओ के डिजिटल सुधार 3.0 का हिस्सा
यह पहल ईपीएफओ के डिजिटल सुधार 3.0 का हिस्सा है, जिसके तहत खातों को एटीएम और यूपीआई दोनों से जोड़ा जा रहा है। यानी सिर्फ एटीएम ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर सीधे बैंक खाते में तत्काल ट्रांसफर भी संभव होगा। इस सुविधा का मकसद है कि आपात स्थिति में कर्मचारी बिना नियोक्ता की मंजूरी के अपने फंड का इस्तेमाल कर सकें।
मंजूरी मिलते ही प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी
वहीं दूसरी तरफ ईपीएफ पर घोषित 8.25 प्रतिशत ब्याज को लेकर अभी इंतजार बना हुआ है। श्रम मंत्रालय की मंजूरी के बाद अब फाइल वित्त मंत्रालय के पास है। जैसे ही अंतिम स्वीकृति मिलेगी, ब्याज की रकम खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि पूरी तैयारी है और मंजूरी मिलते ही प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी।
कब होगा ट्रांसफर?
फिलहाल वित्त मंत्रालय की अंतिम मंजूरी का इंतजार है। उम्मीद है कि जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और करोड़ों खाताधारकों को उनका ब्याज मिल जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 2 May 2026, 7:55 PM IST