हिंदी
घटनास्थल पर पुलिस
Muzaffarnagar : मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के कुतुबपुर दताना गांव में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब प्रेम प्रसंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते हथियार निकल आए और गांव में फायरिंग की आवाज गूंज उठी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के कुतुबपुर दताना गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गोलीबारी और धारदार हथियार से हमला हुआ। प्रेमी ने युवती के मामा को गोली मारी, जबकि जवाबी हमले में प्रेमी भी घायल हो गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती… pic.twitter.com/QqrSCYdqFj
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 2, 2026
जानकारी के अनुसार, पूरे मामले की जड़ एक प्रेम संबंध बताया जा रहा है। गांव में रहने वाली युवती और मोनू नाम के युवक के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर युवती के परिवार और प्रेमी पक्ष के बीच पहले से तनाव बना हुआ था। शनिवार को इसी विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। कहा जा रहा है कि युवती के मामा पारुल और प्रेमी मोनू के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान प्रेमी मोनू ने तमंचा निकाल लिया और पारुल के पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही पारुल जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसी बीच जवाबी हमला करते हुए पारुल ने धारदार हथियार से मोनू के सिर पर वार कर दिया। इस हमले में मोनू भी गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही मिनटों में गांव का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बुढ़ाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात को संभालते हुए दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से जानकारी जुटाई और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अक्षय महादिक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा दिखाई दे रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना में घायल दोनों लोगों की हालत अब खतरे से बाहर है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। जिससे किसी तरह की दूसरी घटना न हो।
Location : Muzaffarnagar
Published : 2 May 2026, 5:03 PM IST