हिंदी
रायबरेली के देवानंदपुर में गुटखा के दाम को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुराने स्टॉक पर नए रेट मांगने का विरोध करने पर दुकानदार ने महिला से मारपीट की। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
पुराने स्टॉक पर नए रेट मांगने पर बवाल
Raebareli: यूपी के रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत देवानंदपुर में एक स्थानीय दुकान पर गुटखा/पान मसाला खरीदने गई महिला के साथ दुकानदार द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना सोमवार देर रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में केंद्रीय बजट के बाद पान मसाला और गुटखा पर टैक्स और कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसी का हवाला देते हुए दुकानदार पुराने स्टॉक को भी बढ़े हुए नए दामों पर बेच रहा था। जब महिला ग्राहक ने इसका विरोध करते हुए पुराने रेट पर पुड़िया देने की मांग की, तो विवाद शुरू हो गया।
महिला के विरोध से नाराज दुकानदार ने आपा खो दिया और कथित तौर पर ब्रह्म (लाठी/डंडा) से महिला पर हमला कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि दुकानदार के साथ मौजूद अन्य लोगों ने भी लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया, जिससे महिला समेत कई लोग घायल हो गए।
UP Road Accident: रायबरेली में दो अलग-अलग सड़क हादसे, 1 की मौत दो घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब आसपास मौजूद लोगों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उन पर भी पथराव कर दिया। इस झड़प में कई लोगों को चोटें आईं, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिल एरिया थाना
घटना की जानकारी मिलते ही मिल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मामले में पीड़िता या अन्य पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला मारपीट और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
इस घटना के बाद देवानंदपुर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में भारी रोष है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बजट के बाद कई दुकानदार महंगाई के नाम पर जबरन नए रेट वसूल रहे हैं और विरोध करने पर दबाव व हिंसा का सहारा ले रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रायबरेली में कोहरे का कहर: एक दिन में दो बड़े हादसे, इलाके में मची अफरा-तफरी; जानिये ताजा अपडेट
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।