हिंदी
निर्वाचन आयोग (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
New Delhi: लोकसभा चुनाव 2029 को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी ने संगठन के भीतर नए और आक्रामक चेहरों को जगह देने के लिए एक विशेष अभियान चलाया है, जिसके तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के नए राष्ट्रीय सचिवों के चयन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
इस उच्च स्तरीय चयन प्रक्रिया के तहत नई दिल्ली स्थित 10 जनपथ पर इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। उम्मीदवारों के साक्षात्कार की यह जिम्मेदारी खुद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी संभाल रहे हैं। इस पूरी चयन प्रक्रिया के दौरान संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी विशेष रूप से मौजूद रहकर उम्मीदवारों के आकलन में सहयोग कर रहे हैं।
पार्टी हाईकमान ने इस बार चयन के लिए बेहद सख्त और पारदर्शी तरीका अपनाया है। इंटरव्यू के लिए आने वाले प्रत्येक उम्मीदवार का एक विस्तृत रिपोर्ट कार्ड पहले से ही तैयार किया गया है। राहुल गांधी और चयन पैनल के पास हर नेता के पिछले कार्यों, उनके गृह राज्य में उनकी सक्रियता और जमीनी स्तर पर उनकी पकड़ का पूरा लेखा-जोखा मौजूद है। नेताओं का भविष्य केवल और केवल उनके काम और परफॉर्मेंस के आधार पर तय किया जा रहा है।
उम्मीदवारों को परखने के लिए उन्हें छोटे-छोटे समूहों में बुलाया जा रहा है। एक बार में पांच से छह या उससे अधिक नेताओं का पैनल इंटरव्यू लिया जा रहा है। इस प्रक्रिया के पहले दिन ही लगभग 25 से 40 युवा नेताओं के साक्षात्कार सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। कुल मिलाकर इस पूरी प्रक्रिया के लिए देश भर से 120 युवा नेताओं को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
इस बड़े संगठनात्मक फेरबदल के तहत AICC सचिवों की मौजूदा टीम में एक बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पार्टी लगभग 60 प्रतिशत से अधिक पुराने और लंबे समय से जमे हुए चेहरों को हटाकर नए लोगों को मुख्यधारा में लाने की तैयारी कर रही है। इस रणनीति का मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन में एक ऐसी नई और आक्रामक लीडरशिप खड़ी करना है जो चुनावी मैदान में पूरी ताकत से उतर सके।
खरीदने से पहले रुकिए! क्या आपने सुजुकी की इस नई बाइक को देखा? जानिये खास फीचर्स
इस पूरी कवायद का दायरा केवल राष्ट्रीय स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी जिलाध्यक्षों से लेकर राष्ट्रीय सचिवों तक के महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव कर रही है। इस फेरबदल के जरिए कांग्रेस पार्टी का मुख्य फोकस समाज के पिछड़े वर्गों पर है। हाईकमान की कोशिश है कि संगठन में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के नेताओं को बड़े पैमाने पर और मजबूत प्रतिनिधित्व दिया जाए, जिससे जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ और अधिक मजबूत हो सके।
Location : New Delhi
Published : 8 September 2026, 12:09 PM IST
Topics : 2029 Lok Sabha Elections AICC Secretaries Congress Youth Leaders Priyanka Gandhi Rahul Gandhi