हिंदी
डीएम दीपक मीणा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नोडल, प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मतदान से लेकर मतगणना तक की पूरी व्यवस्था की समीक्षा की गई और अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
डीएम दीपक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में छोटी से छोटी कमी को भी गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि मतदान शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण कर लिया जाए, जिससे मतदान और मतगणना के दौरान किसी भी तरह की समस्या सामने न आए। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने और सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में मतपेटियों और निर्वाचन सामग्री की स्थिति को लेकर विशेष चर्चा हुई। डीएम ने निर्देश दिया कि सभी मतपेटियों, सीलिंग व्यवस्था और अन्य जरूरी सामानों की पहले ही जांच कर ली जाए। अगर किसी भी तरह की कमी सामने आती है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाए। मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण, माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती और सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। इन सभी व्यवस्थाओं के लिए मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
डीएम ने मतदान कार्मिकों के आवागमन के लिए रूट चार्ट और यातायात व्यवस्था को समय से तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा निर्वाचन प्रपत्रों की छपाई, लेखन सामग्री की पैकेजिंग और वितरण व्यवस्था को भी समय से पूरा करने को कहा गया। नामांकन और मतगणना स्थल पर टेंट, ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था, बैरीकेडिंग, सुरक्षा इंतजाम और आवागमन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने वीडियोग्राफी, सीसीटीवी और वेबकास्टिंग की व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए, ताकि चुनावी गतिविधियों की रिकॉर्डिंग सुनिश्चित हो सके।
बैठक में आदर्श चुनाव आचार संहिता, कानून-व्यवस्था और शिकायतों के निस्तारण की जिम्मेदारी एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा को दी गई। इसके अलावा मतपत्र, डाक मतपत्र, निर्वाचक नामावली, निर्वाचन व्यय निगरानी और मीडिया संबंधी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। डीएम ने 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित रखने और चुनाव से जुड़ी सूचनाओं को लगातार अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव से जुड़ी तैयारियों की लगातार निगरानी की जाए और जो भी कमियां सामने आएं, उन्हें मतदान से पहले ही दूर कर लिया जाए।
Location : Gorakhpur
Published : 26 September 2026, 2:04 PM IST