देर रात काल बनकर दौड़ी गाड़ी… एक झटके में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार, जानें उस रात क्या हुआ!

प्रयागराज के जंघई क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात बोलेरो और बाइक की टक्कर में भदोही निवासी 22 वर्षीय दिनेश कुमार गौतम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। दिनेश 10 दिन पहले ही सूरत से घर आया था। पुलिस सीसीटीवी के जरिए फरार बोलेरो की तलाश कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 June 2026, 11:25 AM IST
google-preferred

Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के जंघई क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां देर रात हाईवे की रफ्तार एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को निगल गई। भूलेंद्र जयसिंहपुर गांव के सामने बृहस्पतिवार की रात एक तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक के बीच इतनी भीषण भिड़ंत हुई कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे में बाइक सवार भतीजे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके चाचा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया।

पंखा बनवाने गए थे जंघई बाजार

मिली जानकारी के मुताबिक, पड़ोसी जिले भदोही के भंडा गांव का रहने वाला दिनेश कुमार गौतम (22 वर्ष) अपने चाचा पिंटू के साथ बाइक से जंघई बाजार में पंखा बनवाने गया था। रात अधिक होने के कारण दोनों बाइक से वापस अपने घर भंडा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जंघई क्षेत्र के भूलेंद्र जयसिंहपुर गांव के सामने पहुंची, सामने से आ रही अनियंत्रित बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दिनेश हवा में कई फीट उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा और सिर पर गंभीर चोट आने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसके चाचा पिंटू गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

सूरत से 10 दिन पहले ही लौटा था दिनेश, पत्नी बेसुध

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में पिंटू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने दिनेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दिनेश की मौत की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि दिनेश सूरत में रहकर एक प्राइवेट नौकरी करता था और महज 10 दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर आया था। पति की अचानक मौत से उसकी पत्नी श्रद्धा बदहवास और बेसुध हैं। उनका एक साल का मासूम बेटा है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

सुबह 5 बजे हाईवे पर अचानक थमीं सांसें… एक पल की वो झपकी और लोहे के जाल में हमेशा के लिए दफन हो गई जिंदगी!

फरार बोलेरो की तलाश में जुटी पुलिस

इस मामले में थाना अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना को अंजाम देकर भागने वाले वाहन की पहचान के लिए पुलिस जंघई मार्ग और आसपास के पेट्रोल पंपों व दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

3 Idiots के सीक्वल से विक्की कौशल का पत्ता साफ! राजकुमार हिरानी ने किया खुलासा; जानें रैंचो-राजू की 20 साल आगे की कहानी

हाईवे पर स्ट्रीट लाइट न होना बना हादसे का कारण

स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों के अनुसार, भूलेंद्र जयसिंहपुर गांव के सामने वाले इस मुख्य मार्ग पर लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। रात के समय यहां पूरी तरह से घाना अंधेरा छा जाता है, जिसके कारण अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के चालकों को सामने से आ रहे दोपहिया वाहन दिखाई नहीं देते। ग्रामीणों का कहना है कि अगर सड़क पर रिफ्लेक्टर या लाइट की उचित व्यवस्था होती, तो शायद दिनेश की जान बच सकती थी।

Location :  Prayagraj

Published :  20 June 2026, 11:25 AM IST

Advertisement