हिंदी
प्रतापगढ़ में पैसों के विवाद ने लिया खूनी मोड़
Pratapgarh: संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के चकेढ़ी गांव में पैसे के लेन-देन के विवाद में एक 27 वर्षीय युवक राहुल मिश्रा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के पिता संतोष कुमार मिश्र ने सराय निर्भय गांव निवासी रोहित पटेल, उसकी पत्नी और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ लोहे की रॉड तथा लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शुक्रवार को शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाहर रहने वाले दो भाइयों के लौटने पर शनिवार को युवक का अंतिम संस्कार किया जाएगा
घर से बुलाकर ले गया था आरोपी
पिता की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2026 को सराय निर्भय गांव निवासी रोहित पटेल (पुत्र पप्पू पटेल) राहुल मिश्रा को अपने साथ बुलाकर ले गया था। वहां पैसे के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर रोहित, उसकी पत्नी और दो अज्ञात सहयोगियों ने राहुल पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इसमें राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर रूप से जख्मी राहुल को परिजन आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) संग्रामगढ़ लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां के चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। राहुल की मौत की खबर मिलते ही चकेढ़ी गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुक्रवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय प्रतापगढ़ भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि राहुल के दो भाई रोजगार के सिलसिले में जिले से बाहर रहते हैं। उनके शनिवार तक घर पहुंचने की उम्मीद है, जिसके बाद ही शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पीड़ित पिता ने पुलिस से जल्द से जल्द प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Pratapgarh
Published : 10 October 2026, 1:02 AM IST