

मेरठ पुलिस ने एक बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गोली मारी है। इस बदमाश को नशे के सौदागर के नाम से भी जाना जाता है। आखिर ऐसा क्यों, पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की यह रिपोर्ट
मेरठ में नशे के सौदागर को पुलिस ने मारी गोली
मेरठ: लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और एक कुख्यात गांजा तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में तस्कर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल तस्कर को अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, मामला लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला तारापुरी का है। जहां गांजा तस्कर इरफान और उसके साथी सलीम ने एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। फायरिंग का शिकार बना घर मेहराज नामक युवक का था। जिससे तस्कर इरफान की पुरानी रंजिश चल रही थी। इरफान को शक था कि मेहराज उसकी पुलिस में मुखबिरी करता है। इस हमले में मेहराज घायल हो गया था। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।
मदीना कॉलोनी में हुआ आमना-सामना, मुठभेड़ में तस्कर घायल
घटना की सूचना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सोमवार रात मदीना कॉलोनी में जब पुलिस को इरफान की लोकेशन मिली तो घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की गई। खुद को घिरा देखकर इरफान ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई जो इरफान के पैर में जा लगी। मौके से उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में पुलिस पहरे में चल रहा इलाज
पुलिस ने बताया कि इरफान की हालत स्थिर है और वह मेरठ के एक सरकारी अस्पताल में पुलिस निगरानी में भर्ती है। इरफान पर पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह गांजा तस्करी के कई मामलों में वांछित था।
फरार सलीम की तलाश जारी, पुलिस का सर्च ऑपरेशन
इस मामले में इरफान का साथी सलीम अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही सलीम को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एडिशनल एसपी ने दी जानकारी
एडिशनल एसपी ने बताया कि आरोपी इरफान काफी समय से ड्रग्स तस्करी में लिप्त था। उसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुरानी रंजिश में उसने फायरिंग की थी। जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने अभियान चलाया और आखिरकार सोमवार रात वह मुठभेड़ में पकड़ा गया। पुलिस अब इरफान से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क को खंगालने की तैयारी कर रही है।