Raebareli: जब हक पर चोट होती है तो सबसे पहले आवाज उठती है। वर्षों की सेवा के बाद मिलने वाली पेंशन अगर सवालों के घेरे में आए, तो खामोशी टूटना तय है। रायबरेली में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों ने साफ संकेत दे दिया कि अब अनदेखी नहीं चलेगी। अधिकारों की लड़ाई को मजबूती देने के लिए सिंचाई विभाग के पेंशनरों ने संगठित होकर बड़ा कदम उठाया है।
पेंशनर संगठन का विधिवत गठन
सेवानिवृत कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन जनपद रायबरेली के सौजन्य से पेंशनर संगठन सिंचाई विभाग जनपद रायबरेली का गठन किया गया। प्रथम सत्र में बीएन यादव की अध्यक्षता में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक प्रांतीय अध्यक्ष राकेश चौधरी ने निर्वाचन अधिकारी की भूमिका निभाते हुए चुनाव आचार संहिता का पूर्ण अनुपालन कराया और निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराया।
इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
चुनाव के दौरान सभी पदों पर सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन हुआ। अध्यक्ष पद पर हरिश्चंद्र गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मसूद अहमद, उपाध्यक्ष पारसनाथ यादव, मंत्री मुस्ताक अहमद, संयुक्त मंत्री जगदीश प्रसाद यादव, संगठन मंत्री कृष्ण कुमार तिवारी और कोषाध्यक्ष महावीर मोर निर्वाचित घोषित किए गए। इसके अलावा आलोक पुष्प वर्मा, आदित्य और शिवकुमार श्रीवास्तव को परामर्श समिति का सदस्य बनाया गया। इंजीनियर अमरनाथ तिवारी, शाहिद अहमद, यूबी सिंह, आरडी साहू और सियाराम वर्मा भी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
शपथ और आंदोलन के संकेत
इसके बाद पेंशनर संगठन के जिला अध्यक्ष रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने पेंशनरों को आश्वस्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आठवें वेतनमान में पेंशनरों को अलग रखे जाने के फैसले के खिलाफ संगठन पूरी मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि जरूरत पड़ी तो सभी कर्मचारी आंदोलन के लिए तैयार रहें।
संरक्षक की घोषणा और भारी भागीदारी
निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार चौधरी ने सभी निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। सर्वसम्मति से दयाराम यादव जिला मंत्री सेवानिवृत कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन को पेंशनर संगठन सिंचाई विभाग का संरक्षक घोषित किया गया। इस निर्वाचन प्रक्रिया में सिंचाई विभाग के करीब 200 सेवानिवृत कर्मचारियों की भागीदारी रही। अंत में संरक्षक बीएन यादव ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
