नई स्कॉर्पियो, कोई नंबर नहीं… बोरी खुलते ही पुलिस के उड़ गए होश, अंदर मिला गांजे का जखीरा

बलरामपुर में पुलिस ने देर रात बिना नंबर की नई स्कॉर्पियो से 20 किलो 594 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से कोतवाली नगर के पुराने हिस्ट्रीशीटर तनवीर अहमद उर्फ शारिफ को गिरफ्तार किया। वाहन से नकदी और तीन मोबाइल भी मिले हैं। पूछताछ के आधार पर पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

Balrampur: रात का सन्नाटा था और सड़क पर पुलिस की गश्त चल रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की एक नई चमचमाती स्कॉर्पियो पुलिस के रडार पर आ गई। गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई तो अंदर बोरी में ऐसा सामान मिला, जिसे देखकर पुलिस भी चौंक गई। बोरी खुलते ही गांजे का जखीरा सामने था। पुलिस ने मौके से 20 किलो से ज्यादा गांजा बरामद करने के साथ शहर के एक पुराने हिस्ट्रीशीटर को भी गिरफ्तार कर लिया।

बाईपास पर पुलिस को दिखी संदिग्ध स्कॉर्पियो

मामला कोतवाली नगर क्षेत्र का है। पुलिस टीम रात में इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुरलीपुर कर्बला से मेवालाल चौकी की ओर जाने वाले बाईपास मार्ग पर पुलिस को काले रंग की एक नई स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। खास बात यह थी कि स्कॉर्पियो पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। वाहन को देखकर पुलिस को शक हुआ और टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया। पुलिस ने चालक से पूछताछ शुरू की तो वह गाड़ी में रखी बोरी को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

अब नहीं थमेगी रफ्तार… 292 करोड़ के रेल ओवरब्रिज से खत्म होगा बलरामपुर का जाम, NH-730 पर आसान होगा सफर

बोरी खुलते ही सामने आया गांजे का जखीरा

मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने पूरी कार्रवाई को पारदर्शी तरीके से करने की तैयारी की। उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए संदिग्ध बोरी को खुलवाया गया। बोरी खुलते ही उसके अंदर गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक तराजू से गांजे का वजन कराया तो कुल मात्रा 20 किलो 594 ग्राम निकली।

पकड़ा गया आरोपी निकला पुराना हिस्ट्रीशीटर

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान गदुरहवा मोहल्ला निवासी तनवीर अहमद उर्फ शारिफ के रूप में हुई है। आरोपी के बारे में पुलिस रिकॉर्ड खंगाले गए तो पता चला कि वह कोतवाली नगर का पुराना हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही 15 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, रंगदारी और चोरी जैसे मामले शामिल बताए जा रहे हैं।

पूछताछ में दूसरे जिलों तक नेटवर्क के संकेत

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो कथित तौर पर उसने गांजे की सप्लाई से जुड़े कई अहम खुलासे किए। पुलिस के अनुसार आरोपी आसपास के इलाकों से गांजा इकट्ठा करता था और फिर उसे दूसरे क्षेत्रों में बेचने की तैयारी में था। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि गांजे को बढ़नी के रास्ते दूसरे जिलों और सीमावर्ती इलाकों में ऊंचे दाम पर बेचने की योजना थी।

“बस एक मिनट के लिए मोबाइल देना…” इसी बहाने उड़ाए लाखों रुपये, बलरामपुर पुलिस ने साइबर खेल का किया खुलासा

नई स्कॉर्पियो और तीन मोबाइल भी जांच के घेरे में

पुलिस के लिए इस मामले में बिना नंबर की नई स्कॉर्पियो भी जांच का अहम हिस्सा है। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में गांजा ले जाने के लिए इस वाहन का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा था और वाहन किसके नाम पर है, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। इसके अलावा बरामद तीन मोबाइल फोन से भी पुलिस को अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।

एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई

पुलिस ने बरामद गांजे और अन्य सामान को कब्जे में लेने के बाद आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले की आगे की जांच में जुटी है। खास तौर पर गांजे की सप्लाई के स्रोत और संभावित खरीदारों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

Location :  Balrampur

Published :  11 August 2026, 8:29 PM IST

Related News

Advertisement