गौतमबुद्ध नगर में 165 जिम्मेदारों पर FIR दर्ज, जनगणना 2027 की ड्यूटी में लापरवाही करने पर बड़ा एक्शन

गौतमबुद्धनगर में जनगणना 2027 के कार्य में लापरवाही बरतने और ड्यूटी पर न पहुंचने वाले 165 कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या शिक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 4 June 2026, 10:25 AM IST
google-preferred

Noida Desk: गौतमबुद्धनगर में चल रहे जनगणना 2027 कार्य को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी स्थल पर काम शुरू नहीं करने और जनगणना कार्य में सहयोग नहीं करने वाले कुल 165 कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

शिक्षकों और आंगनवाड़ी कर्मियों पर भी कार्रवाई

एफआईआर दर्ज कराए गए कर्मचारियों में सबसे अधिक संख्या शिक्षकों की है। कुल 92 शिक्षक और सहायक अध्यापक इस कार्रवाई के दायरे में आए हैं। इसके अलावा 43 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

अन्य विभागों के 30 कर्मचारियों पर भी एफआईआर की गई है। प्रशासन का कहना है कि कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद इन कर्मचारियों ने ड्यूटी स्थल पर कार्य शुरू नहीं किया, जिसके चलते जनगणना कार्य प्रभावित हुआ।

70 प्रतिशत एचएलबी ही हो पाए लाइव

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 2284 एचएलबी (हाउसहोल्ड लेवल ब्लॉक्स) निर्धारित किए गए हैं। इनमें से 1605 एचएलबी पर कार्य चल रहा है, जबकि अब तक केवल 16 एचएलबी का कार्य पूरी तरह से संपन्न हुआ है। वहीं 654 एचएलबी ऐसे हैं, जहां अब तक कार्य शुरू भी नहीं हो सका है। प्रशासन के अनुसार अभी तक लगभग 70 प्रतिशत एचएलबी ही सक्रिय या लाइव हो पाए हैं, जो लक्ष्य से काफी कम है।

राष्ट्रीय कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसमें किसी भी तरह की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन कर्मचारियों की वजह से कार्य प्रभावित हो रहा है, उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कर्मचारी तत्काल अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर कार्य शुरू करें।

ट्रंप ने माना, नेतन्याहू को कहा था ‘पागल’; लेबनान हमलों को लेकर हुई थी तीखी बहस

अनुशासनात्मक कार्रवाई और सख्ती जारी रहेगी

प्रशासन ने साफ किया है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में यदि कोई कर्मचारी जनगणना कार्य में सहयोग नहीं करता है तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और तेज की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि लक्ष्य समय पर पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Location :  Noida

Published :  4 June 2026, 10:25 AM IST

Related News

Advertisement