हिंदी
रवीना की मां के घर में चोरी
New Delhi : बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन (Raveena Tandon) इन दिनों किसी फिल्म या शो नहीं, बल्कि अपने परिवार से जुड़े एक चौंकाने वाले मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। खबर है कि उनकी मां वीणा टंडन (Veena Tandon) के घर से करीब 25 लाख रुपये की ज्वेलरी और लग्जरी घड़ियां चोरी हो गई हैं। जुहू पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से परिवार के बेहद करीब थी और घर के सदस्यों का भरोसा जीत चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक, 47 वर्षीय राशि छाबड़िया पिछले कई वर्षों से रवीना टंडन के परिवार के संपर्क में थी। वह एक्ट्रेस की 86 वर्षीय मां की देखभाल में मदद करती थी, खाना बनाती थी और घर के अन्य कामों में भी हाथ बंटाती थी। परिवार उस पर काफी भरोसा जताता था, लेकिन इसी भरोसे की आड़ में कथित तौर पर लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया गया। बता दें कि गहने घर के एक लॉकर में रखे थे, जिसे तोड़कर आरोपी महिला ने 25 लाख रुपये के गहने और दो महंगी घड़ियां चुराई थीं।
रवीना टंडन ने फिल्म उद्योग को बताया पुरुष प्रधान, जानें और क्या कहा
रवीना टंडन (Raveena Tandon) द्वारा दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत के मुताबिक, इस कथित चोरी का पता तब चला जब पिछले साल दशहरे से पहले गहनों की जांच की और पाया की लॉकर को तोड़ा गया था। इसके बाद रवीना के परिवार वालों ने छाबड़िया से पूछताछ की, लेकिन शुरू में उसने आरोपों से इनकार कर दिया। गहने और कीमती सामानों के गायब होने का पता चलने के बावजूद परिवार लंबे समय तक समाधान की उम्मीद करता रहा। आखिरकार 19 मई को जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद जांच तेज हुई। पुलिस ने 21 मई को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के बाद महिला ने कुछ महंगी घड़ियां वापस कर दीं। वहीं, उसने दावा किया कि बाकी गहने उसने एक व्यक्ति को सौंपे हैं और वे जल्द लौटाए जाएंगे। हालांकि, परिवार को जब गहनों की वापसी की उम्मीद खत्म होती दिखी, तब उन्होंने पुलिस से संपर्क करने का फैसला लिया। जूहू पुलिस इस मामले में अपनी जांच जारी रखे हुए है और चोरी हुए बाकी गहनों को बरामद करने पर काम कर रही है।
Location : New Delhi
Published : 2 June 2026, 12:38 PM IST