हिंदी
कार में आग लगने से अज्ञात व्यक्ति की मौत (Img: AI Generated)
Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा के थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में रायपुर तिराहे के पास खड़ी एक कार में आग लगने से एक अज्ञात व्यक्ति की झुलसकर मौत हो गई। घटना के समय कार में दो लोगों के शराब पीने की बात सामने आई है। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर उसके ड्राइवर राजेंद्र को हिरासत में लिया है। राजेंद्र का दावा है कि वह मृतक को नहीं जानता था। पुलिस हादसे और हत्या, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
ड्राइवर राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे उसकी मुलाकात रायपुर तिराहे रोड स्थित शराब के ठेके पर एक अनजान व्यक्ति से हुई थी। राजेंद्र के मुताबिक, वह व्यक्ति शराब पीने के लिए जगह तलाश रहा था, लेकिन उसे जगह नहीं मिली।
इसके बाद राजेंद्र ने उसे अपनी कार में बैठकर शराब पीने का प्रस्ताव दिया। उसने यह भी कहा कि कार में बैठकर शराब पीने के बदले उसे भी शराब पिलानी होगी। राजेंद्र के अनुसार, इसके बाद दोनों कार में बैठकर शराब पीने लगे। राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे वह शराब के नशे में धुत होकर घर चला गया था। उसका दावा है कि इसके करीब आधे घंटे बाद, रात 11:30 बजे कार में आग लग गई। हालांकि, पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
कार में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस यूनिट और मुख्य अग्निशमन अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस और राहत टीम ने कार की तलाशी ली तो अंदर एक व्यक्ति झुलसी हुई अवस्था में मिला। उसे बिना देरी किए उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो सकी है। आग लगने की सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची टीम ने कार से जले हुए व्यक्ति को बाहर निकाला।
ये भी पढ़े: नोएडा में पुलिस विभाग में हड़कंप, SOG प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित; DCP ने की बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया। जांच में सामने आया कि कार को राजेंद्र चलाता है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। राजेंद्र ने पुलिस से कहा है कि वह मृतक को नहीं जानता और वह व्यक्ति कार में शराब पीने के लिए बैठा था।
सेक्टर-126 थाना प्रभारी सुमेश ने बताया, "शराब पार्टी के दौरान लोग कार में शराब पी रहे थे। एक शख्स घर वापस चला गया था। दूसरा कार में ही था, तभी कार में आग लग गई और उसकी जलकर मौत हो गई। दूसरे शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।" पुलिस ने राजेंद्र के अलावा कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कार में आग किस वजह से लगी। पुलिस हादसे और हत्या के एंगल से मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान और आग लगने के कारणों का पता लगाया जाना बाकी है।
Location : Noida
Published : 18 November 2026, 5:20 PM IST