हिंदी
महराजगंज के नौतनवा कस्बे में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। विकास उर्फ शुभम कुमार प्रजापति की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। आर्थिक तंगी और कर्ज की चर्चा के बीच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Maharajganj: नौतनवा कस्बे के बिस्मिल नगर मोहल्ले में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। मृतक की पहचान विकास उर्फ शुभम कुमार प्रजापति के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय अशोक कुमार प्रजापति का बेटा था।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरा मोहल्ला शोक में है।
परिवार वालों के मुताबिक, विकास ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पेट पालता था। वह परिवार का मुख्य कमाने वाला था। बताया जा रहा है कि बीती रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत के बाद परिवार वाले उसे पास के अस्पताल ले गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन देर रात उसकी हालत और बिगड़ गई। पूरी कोशिश के बाद भी डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए और उसकी मौत हो गई। जैसे ही यह खबर परिवार को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह जब युवक की बॉडी हॉस्पिटल से घर लाई गई, तो परिवार में कोहराम मच गया। मां और परिवार के दूसरे लोग बेसुध हो गए। आस-पड़ोस के बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना देने की कोशिश की।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर मौत के असली कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
युवक की मौत को लेकर आस-पास के लोगों में तरह-तरह की बातें हो रही हैं। कुछ का कहना है कि विकास कुछ समय से पैसे की तंगी से जूझ रहा था। ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुज़ारा करना उसके लिए मुश्किल होता जा रहा था।
देवरिया में नहीं थम रही मौत की रफ्तार: 24 घंटे में दो घरों के बुझ गए चिराग, जानें पूरा मामला
कुछ लोगों ने कर्ज के दबाव का भी हवाला दिया है। हालांकि, इन बातों की ऑफिशियली पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि अभी कोई नतीजा निकालना जल्दबाजी होगी और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
सर्कल ऑफिसर अंकुर गौतम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिवार की तरफ से कोई शिकायत नहीं की गई है। पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों की हर एंगल से जांच की जा रही है। अगर कोई संदिग्ध मामला सामने आता है, तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विकास की मौत से उसके परिवार पर बहुत दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह परिवार का अकेला कमाने वाला था। उसकी असमय मौत से परिवार पर पैसे का भी संकट आ गया है। मोहल्ले में दुख और शोक का माहौल है। अभी सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे युवक की मौत के पीछे का सच सामने आएगा।