चीनी का स्टॉक इतना ही रखना होगा! बढ़ते दामों के बीच गोदामों पर छापेमारी से मचा हड़कंप

मुजफ्फरनगर में चीनी के बढ़ते दामों के बीच प्रशासन ने कारोबारियों के गोदामों और दुकानों की जांच शुरू कर दी है। 4000 कुंतल की तय स्टॉक सीमा को लेकर टीम खास तौर पर रिकॉर्ड और भंडारण की स्थिति देख रही है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 22 August 2026, 8:12 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: चीनी के लगातार बढ़ते दामों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कुछ ही दिनों में चीनी की कीमत में 15 से 20 रुपये प्रति किलो तक का उछाल आने के बाद अब प्रशासन भी हरकत में आ गया है। शनिवार को मुजफ्फरनगर की एशिया की सबसे बड़ी गुड़ मंडी में जिला प्रशासन की टीम ने चीनी के थोक और फुटकर कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर स्टॉक की जांच की।

व्यापारियों में मची हलचल

प्रशासन की इस कार्रवाई की खबर मिलते ही चीनी कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई। टीम ने व्यापारियों की दुकानों के साथ-साथ उनके गोदामों को भी चेक किया। जांच का मुख्य मकसद यह पता लगाना था कि कहीं किसी व्यापारी ने सरकार की तय सीमा से ज्यादा चीनी का स्टॉक तो नहीं कर रखा है।

प्रशासन के मुताबिक चीनी व्यापारियों और स्टॉकिस्टों के लिए 4000 कुंतल तक की स्टॉक सीमा तय की गई है। इसके साथ ही कारोबारियों से यह भी देखा जा रहा है कि वे अपने स्टॉक की जानकारी घोषित कर रहे हैं या नहीं और उसका रिकॉर्ड सही तरीके से रखा जा रहा है या नहीं।

ये भी पढ़ें- SP कृष्ण कुमार बिश्नोई को संभालते-संभालते खुद रो पड़े संभल के DM, विदाई समारोह में छलके आंसू, VIDEO देख भावुक हो जाएंगे आप

तीन प्रतिष्ठानों में जांच

जिला खाद्य वितरण अधिकारी प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर लगातार चीनी के थोक विक्रेताओं, फुटकर विक्रेताओं, स्टॉकिस्टों और छोटे व्यापारियों के प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है।

अधिकारी के अनुसार शुरुआती जांच में तीन दुकानों पर स्टॉक देखा गया और वहां स्थिति सामान्य मिली। प्रशासन अब अन्य व्यापारियों के प्रतिष्ठानों और गोदामों की भी जांच करेगा। पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट जिलाधिकारी के साथ शासन स्तर पर भी भेजी जाएगी।

कीमत पहुंची 65-70 रुपये किलो

चीनी के दामों में अचानक आई तेजी ने सबसे ज्यादा आम उपभोक्ताओं को परेशान किया है। कुछ दिन पहले तक जहां चीनी करीब 40 से 45 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, वहीं अब इसकी कीमत कई जगहों पर 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।

त्योहारों का मौसम भी नजदीक है। ऐसे में मिठाइयों और घरों में होने वाली तैयारियों के बीच चीनी की बढ़ी कीमत सीधे लोगों की जेब पर असर डाल रही है। यही वजह है कि अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई और सरकार के अगले कदम पर टिकी है।

ये भी पढ़ें- ‘जनता की सुनवाई, जवानों का ख्याल’ सिद्धार्थनगर में DM-SSP का कड़ा रुख, नई सहूलियतों का आगाज

प्रशासन ने साफ किया है कि अगर जांच के दौरान किसी व्यापारी के पास निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का स्टॉक पाया जाता है या स्टॉक से जुड़े रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलती है, तो मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच का दायरा और बढ़ाया जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन की जांच में कहीं तय सीमा से ज्यादा चीनी का स्टॉक सामने आता है या नहीं।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  22 August 2026, 8:12 PM IST

Related News

Advertisement