हिंदी
IPS कृष्ण कुमार बिश्नोई और IAS अंकित खंडेलवाल (Image: Social Media)
Sambhal: संभल के पुलिस अधीक्षक (SP) आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई ने अपने 710 दिनों के कार्यकाल के बाद शनिवार को पद से विदाई ली। पुलिस लाइन बहजोई के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित विदाई समारोह करीब तीन घंटे तक चला। इस दौरान एसपी बिश्नोई अपने सहयोगियों और संभल में बिताए कार्यकाल की यादों को साझा करते हुए भावुक हो गए। उनके साथ बैठे जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल भी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और कुछ ही देर में भावुक नजर आए।
विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई को फूलों से सम्मानित कर विदाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान साथ काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जमकर सराहना की। एसपी बिश्नोई ने कहा कि संभल में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम भावना और प्रशासन के सहयोग से हर स्थिति को संभाला गया। उन्होंने अपने कार्यकाल से जुड़े कई अनुभव भी साझा किए।
अपने संबोधन के दौरान एसपी बिश्नोई ने एक किसान की कहानी भी सुनाई। उन्होंने बताया कि एक किसान पिछले 10 साल से अपनी 50 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली जमीन का अधिकार पाने के लिए परेशान था। एसपी ने बताया कि उनके निर्देश पर चकबंदी अधिकारियों ने महज दो दिन में मामले का समाधान कर किसान को उसकी जमीन वापस दिलाई। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम सिर्फ अपराध रोकना नहीं, बल्कि आम लोगों को न्याय दिलाने में मदद करना भी है।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने अपने संबोधन में 24 नवंबर 2024 को हुई संभल हिंसा की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस कठिन समय में पुलिस और प्रशासन ने मिलकर हालात को नियंत्रित किया। उन्होंने विशेष रूप से सीओ संभल कुलदीप कुमार के कार्यों की प्रशंसा की। एसपी ने कहा कि मुकदमों की लिखा-पढ़ी, एसआईटी की जिम्मेदारी संभालने और साक्ष्य जुटाने में कुलदीप कुमार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही।
केके बिश्नोई ने बताया कि संभल हिंसा से जुड़े मामलों में अब तक हाईकोर्ट में दाखिल 284 याचिकाओं का निस्तारण हो चुका है। इनमें जमानत से जुड़े मामले भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कुछ मामलों का निपटारा सुप्रीम कोर्ट से भी हुआ है। उन्होंने कहा कि संभल पुलिस ने हर मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की, जिसकी वजह से पुलिस के खिलाफ कोई प्रतिकूल आदेश नहीं आया।
अपने संबोधन के दौरान एसपी बिश्नोई ने उन पुलिसकर्मियों को भी याद किया, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी निभाई। उन्होंने कहा कि कई पुलिसकर्मी चोटिल होने के बावजूद अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटे और पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करते रहे। 710 दिनों के कार्यकाल के बाद विदाई लेते हुए एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने संभल के अधिकारियों, कर्मचारियों और जनता के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
Location : Sambhal
Published : 22 August 2026, 7:16 PM IST