मुजफ्फरनगर : शिव चौक पर कांवड़ यात्रा के बीच मचा बवाल! मोबाइल चार्जिंग को लेकर भिड़ीं महिला कांवड़िए

मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर कांवड़ यात्रा के दौरान महिला कांवड़ियों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद मोबाइल चार्जिंग पॉइंट को लेकर शुरू हुआ था

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 7 August 2026, 1:42 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar : जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया। जब शहर के सबसे व्यस्त शिव चौक पर महिला कांवड़ियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। आबकारी पुलिस चौकी के पास शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों की महिलाएं एक-दूसरे पर थप्पड़, लात-घूंसे और धक्का-मुक्की करती नजर आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए शिव चौक का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मोबाइल चार्जिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पूरा विवाद मोबाइल चार्जिंग पॉइंट को लेकर शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि मौके पर सिर्फ एक चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध था और दोनों पक्षों की महिलाएं पहले अपना मोबाइल चार्ज करने को लेकर अड़ गईं।

पहले दोनों तरफ से बहस शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की महिलाएं एक-दूसरे से भिड़ गईं। देखते ही देखते वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई।

लाखों की भीड़ में आखिर कैसे चोरी होते थे कांवड़ियों के फोन? मुजफ्फरनगर पुलिस के हत्थे चढ़ते ही बेनकाब हुआ पूरा नेटवर्क

पुलिस ने पहुंचकर संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही आबकारी पुलिस चौकी प्रभारी शशि कपूर और अस्थायी कांवड़ थाना शिव चौक प्रभारी महावीर सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

चूंकि विवाद महिलाओं के बीच था, इसलिए पुलिस ने तत्काल महिला पुलिसकर्मियों को भी बुलाया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की महिलाओं को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस के सामने भी जारी रही बहस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने के बाद भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे। महिलाओं के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज भी काफी देर तक चलती रही। पुलिस ने सभी को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद शिव चौक पर श्रद्धालुओं की आवाजाही दोबारा सामान्य हो सकी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला कांवड़ियों के बीच हुई मारपीट और पुलिस द्वारा मामले को शांत कराने की कोशिश दिखाई दे रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और वीडियो के आधार पर भी घटनाक्रम की जांच की जा रही है। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  7 August 2026, 1:42 AM IST

Related News

Advertisement