मुजफ्फरनगर में सनसनी: सिर्फ कहासुनी पर 70 साल के बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, रोंगटे खड़े कर देगा यह मामला

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मामूली विवाद के चलते 70 वर्षीय बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात का खौफनाक CCTV वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों ने शव सड़क पर रखकर हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 16 September 2026, 9:50 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फुगाना थाना क्षेत्र के खरड़ गांव में मामूली सी कहासुनी के बाद दबंग पड़ोसियों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग जय सिंह की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी।

मृतक जय सिंह गांव में ही सड़क किनारे सिरका बेचकर अपना और अपने परिवार का गुजर-बसर करते थे। मामूली सी बात पर हुए इस विवाद ने देखते ही देखते इतना उग्र रूप ले लिया कि आरोपियों ने कानून और इंसानियत दोनों की धज्जियां उड़ा दीं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दिल दहलाने वाला CCTV वीडियो

यह पूरी खौफनाक घटना पास ही स्थित एक मकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बेखौफ दबंग बुजुर्ग को घेरकर उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार कर रहे हैं। बुजुर्ग जान बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा।

मुजफ्फरनगर में एक ही परिवार के दो लोगों की उठी अर्थी, क्षेत्र में हड़कंप

पिटाई के कारण बुजुर्ग ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।

इंसाफ की मांग को लेकर परिजनों का सड़क पर प्रदर्शन

बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को शव ले जाने से रोक दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।

मृतक के बेटे बाबू का आरोप है कि उसके पिता ने सुबह महज एक मामूली गाली दे दी थी, इसी बात से चिढ़कर पड़ोस के ही बब्बू के बेटों मनोज, छोटू, राजू और पप्पू ने मिलकर उसके पिता पर हमला कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा नहीं दी जाती, वे शांत नहीं बैठेंगे।

मामले में मुकदमा दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आलाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

“काला कानून वापस नहीं हुआ तो वोट की चोट देंगे”, गंगाजल लेकर दिल्ली निकले प्रदर्शनकारियों को मुजफ्फरनगर में रोका

मामले की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाड़िक ने बताया कि 15 सितंबर को थाना फुगाना क्षेत्र के खरड़ गांव में मारपीट में बुजुर्ग की मौत की सूचना मिली थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  16 September 2026, 9:50 AM IST

Advertisement