हिंदी
प्रतीकात्मक (Image Source: Google)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तितावी थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा मार्ग पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कूल बस ने एक बाइक सवार परिवार को कुचल दिया, जिसमें परिवार के चारों सदस्यों की मौत हो चुकी है।
यह हादसा बुधवार को हुआ था, जब जलालपुर गांव निवासी 45 वर्षीय महिपाल उर्फ पप्पन अपनी पत्नी पूनम और दो मासूम बच्चों के साथ बाइक से बघरा स्थित दुर्गा मंदिर में प्रसाद चढ़ाने जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उनकी जिंदगी का यह सफर खत्म हो गया।
हादसे में महिपाल, उनकी 12 वर्षीय बेटी राधिका और 8 वर्षीय बेटे अभी की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल पत्नी पूनम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस प्रकार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया।
बदायूं के मंगला माता मेला: झूले के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन, इजाजत किसने दी?
बताया जा रहा है कि गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर विपरीत दिशा से आ रही स्कूल बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पूरा परिवार मौत के आगोश में समा गया।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को पानीपत-खटीमा मार्ग पर रखकर जोरदार हंगामा किया और जाम लगा दिया। परिजनों ने प्रशासन के सामने मुआवजे सहित 9 मांगें रखीं।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद अधिकारियों ने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम खुल सका और यातायात बहाल हुआ।
महराजगंज: किसके इशारे पर हो रहा है फरेंदा में टेंडर का खेल? पढ़िए बड़ा खुलासा
हादसे के बाद संबंधित स्कूल प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। वहीं प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने भी तत्काल 1 लाख रुपये की मदद प्रदान की। इसके अलावा सरकारी मुआवजे की प्रक्रिया भी जिला प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गई है।
मामले पर जानकारी देते हुए एएसपी आदित्य बंसल ने बताया कि इस दुर्घटना के संबंध में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार हर संभव सहायता दिलाई जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 2 April 2026, 8:28 PM IST
Topics : Muzaffarnagar Accident muzaffarnagar news Muzaffarnagar Police Titavi Police Station UP Police