

फतेहपुर में समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को नहर कॉलोनी स्थित परिसर में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट
सपा ने किया धरण प्रदर्शन
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) ने गुरुवार को फतेहपुर जिले में केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए एक दिवसीय धरना आयोजित किया। यह धरना नहर कॉलोनी स्थित परिसर में सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस मौके पर फतेहपुर के सांसद और सपा के कद्दावर नेता नरेश उत्तम पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने भाजपा सरकार को निशाने पर लिया।
जातिगत जनगणना को बताया समाजवादी आंदोलन की नैतिक विजय
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, धरने को संबोधित करते हुए सांसद नरेश उत्तम ने कहा कि देश में सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए जातिगत जनगणना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा इस मांग को प्राथमिकता दी है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने सामाजिक न्याय के जिस आंदोलन की नींव रखी थी, आज वह एक निर्णायक मोड़ पर है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने शुरुआत में इस मांग को नजरअंदाज किया, लेकिन जनता के दबाव और विपक्ष के संघर्ष के चलते अब उसे इस पर विचार करना पड़ा, जो सपा और सामाजिक न्याय की नैतिक जीत है।
भाजपा पर लगाए भेदभाव के आरोप
नरेश उत्तम ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ वादे करती है, लेकिन उन्हें निभाती नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों में हमेशा ही पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्ग की उपेक्षा की गई है। नरेश उत्तम ने यह भी कहा कि भाजपा की योजनाएं दिखावटी हैं और उनका क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर कमजोर है।
उन्होंने यह भी कहा कि जातिगत जनगणना से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि देश में किस वर्ग की स्थिति क्या है, और उसी आधार पर योजनाएं बनेंगी। सपा इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठाती रही है और आगे भी इस लड़ाई को पूरी ताकत से जारी रखेगी।
कानून-व्यवस्था पर भी साधा निशाना
सांसद ने उत्तर प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार बेलगाम हो चुके हैं। महिलाएं, किसान और युवा असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर की गई टिप्पणियों की भी कड़ी निंदा की और कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है।
नारेबाजी से गूंजा धरना स्थल
इस धरने में सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव, सदर विधायक चंद्रप्रकाश लोधी, विधायक उषा मौर्य, चेयरमैन राजकुमार मौर्य समेत जिले के कई प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। साथ ही, सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और जातिगत जनगणना को जल्द से जल्द लागू करने की मांग की।
सामाजिक न्याय की लड़ाई को बताया निरंतर आंदोलन
धरना प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी ने यह स्पष्ट कर दिया कि वह सामाजिक न्याय, पिछड़ों के अधिकार और समान प्रतिनिधित्व की लड़ाई को कभी नहीं छोड़ेगी। पार्टी ने ऐलान किया कि यह आंदोलन अब केवल मंच या बयानबाजी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर स्तर पर दबाव बनाया जाएगा ताकि जातिगत जनगणना जैसी जनहितकारी पहलें शीघ्र लागू की जा सकें।