हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (image source: internet)
Prayagraj: उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में गत दिवस दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई। हादसा मेजारोड-रामनगर मार्ग पर सोरांव गांव के सामने हुआ, जहां अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे बने घर की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार पकरी सेवार गांव निवासी और कोटेदार संजय सोनकर (35) अपनी तीन वर्षीय बेटी लाडली और चचेरे भाई बहादुर (15) के साथ बसहरा गांव गए थे। वहां परिवार में भतीजी की विदाई का कार्यक्रम था। विदाई के बाद तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोरांव गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने मकान की दीवार से टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मेजारोड चौकी इंचार्ज हरिओम सिंह मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद संजय सोनकर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में मासूम लाडली और बहादुर को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया।
Budaun: सीमेंट खरीदने निकला युवक नहीं लौटा, गांव में मचा हड़कंप
इलाज के दौरान देर रात तीन वर्षीय लाडली ने भी दम तोड़ दिया। बहादुर की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। पिता-पुत्री की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। मृतक की पत्नी पूनम सोनकर ने बताया कि मदर्स-डे के मौके पर रात में घर में छोटा सा कार्यक्रम होना था। संजय ने सुबह घर से निकलते वक्त कहा था कि वह जल्दी लौटकर परिवार के साथ मदर्स-डे मनाएंगे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
Chandauli: चलती ट्रेन में खौफनाक मंजर, यात्री की गोली मारकर हत्या; शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका
पूनम ने बताया कि संजय परिवार के बेहद जिम्मेदार सदस्य थे और पूरे घर की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। एक ही दिन में पति और बेटी को खोने के बाद परिवार पूरी तरह टूट चुका है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Location : Prayagraj
Published : 11 May 2026, 11:59 AM IST