UP News: खेत में धान की रोपाई के दौरान गिरी बिजली, दो मजदूरों की मौत, तीन गंभीर घायल

मुरादाबाद के मझोला क्षेत्र में खेत में धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 1 July 2026, 6:02 PM IST
google-preferred

Moradabad: जिले के मझोला थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। गांगन वाली मैनाठेर गांव में खेत में धान की रोपाई कर रहे मजदूरों पर आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद खेत में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया।

दरअसल, गांगन वाली मैनाठेर निवासी बिलाल के खेत में धान की रोपाई का कार्य चल रहा था। खेत में संतराम (30), विनीता (21), सपना, देवांशी और कामिनी समेत कई मजदूर काम कर रहे थे। सुबह करीब नौ बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी मजदूर पास में स्थित एक पेड़ के नीचे जाकर बैठ गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिर गई, जिसकी चपेट में सभी मजदूर आ गए।

Moradabad News: प्रेम विवाह का अंत इतना दर्दनाक कैसे? मैनाठेर में पति पर पत्नी की हत्या का आरोप

दो किसानों की मौके पर मौत

हादसे के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। सभी घायलों को तत्काल साईं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विनीता (21) और संतराम (30) को मृत घोषित कर दिया। वहीं सपना, देवांशी और कामिनी का अस्पताल में उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस अभिनव द्विवेदी ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बारिश से जनजीवन भी हो रहा प्रभावित

बुधवार सुबह हुई तेज बारिश का असर पूरे जिले में देखने को मिला। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। हाईवे पर पानी भरने और दृश्यता कम होने के कारण वाहनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के कई गांवों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।

सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

Location :  Moradabad

Published :  1 July 2026, 6:02 PM IST

Advertisement