हिंदी
मड़िहान थाना
Mirzapur: मड़िहान थाना क्षेत्र में करीब 16 वर्षीय किशोरी की शादी का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। किशोरी के परिजनों का आरोप है कि उनकी सहमति के बिना गांव के ही एक युवक ने कुछ लोगों की मदद से किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया और बाद में चौबेपुर स्थित एक मंदिर में उससे शादी कर ली। मामला सामने आने के बाद परिजनों ने मड़िहान पुलिस से शिकायत कर किशोरी को सुरक्षित वापस दिलाने और मामले में कार्रवाई की मांग की है।
Mainpuri Murder Case: स्कूल से घर लौट रहे शिक्षक की गोली मारकर हत्या, सड़क पर तड़पते रह गए यशपाल
परिजनों की ओर से पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में किशोरी की उम्र करीब 16 वर्ष बताई गई है। शिकायत के मुताबिक, परिवार की इच्छा के विपरीत किशोरी को घर से ले जाया गया और बाद में मंदिर में विवाह करा दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद किशोरी के परिवार में हड़कंप मच गया।
मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच थाने में पंचायत का दौर चल रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से परिवार और युवक पक्ष के लोग थाने पहुंचकर मामले को लेकर बातचीत कर रहे हैं। वहीं किशोरी के परिजन अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और उसे वापस घर लाने की मांग कर रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि मामला सिर्फ उनकी सहमति का नहीं, बल्कि किशोरी की कम उम्र और उसके भविष्य से भी जुड़ा है। उन्होंने पुलिस से किशोरी की उम्र और पूरे घटनाक्रम की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। पुलिस स्तर पर मामले की जांच की जा रही है। किशोरी की उम्र और घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Mirzapur
Published : 21 September 2026, 5:15 PM IST