रात में पिता पर हमला, सुबह मां की हत्या! मिर्जापुर में एक ही परिवार पर मनबढ़ का कहर

मिर्जापुर के जिगना थाना क्षेत्र के खैरा गांव में लाठी-डंडे से हमले में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। परिवार की तहरीर के मुताबिक, आरोपी युवक ने पहले महिला के पति पर हमला किया और सुबह रास्ते में महिला, उसके बेटे और देवर के साथ मारपीट की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 17 September 2026, 2:40 PM IST
google-preferred

Mirzapur: जिले के जिगना थाना क्षेत्र के खैरा गांव में देर रात और सुबह हुए विवाद के बाद एक युवक पर एक परिवार के चार लोगों पर लाठी-डंडे से हमला करने का आरोप लगा है। हमले में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति, देवर और बेटे को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी सर्रोई ले जाया गया।

रात में डेरे पर सो रहे वृद्ध पर हमला

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, खैरा गांव निवासी रमाकांत पाल ने बताया कि उनके पिता राज नारायण पाल (73) गांव से करीब 400 मीटर दूर स्थित डेरे पर सो रहे थे। आरोप है कि रात करीब 12 बजे गांव का ही रहने वाला अंकित दुबे वहां पहुंचा और लाठी लेकर कमरे में घुस गया। रमाकांत के मुताबिक, आरोपी ने उनके पिता पर लाठी से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए राज नारायण पाल किसी तरह वहां से भाग निकले।

मिट्टी की खुशबू और दांव-पेंच का रोमांच: मिर्जापुर में सजा विराट दंगल, पहलवानों ने दिखाया दम-खम

सुबह बेटे पर रास्ते में किया हमला

तहरीर के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे रमाकांत पाल अपने बच्चों को कोचिंग पढ़ाने के लिए जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे युवक ने उन पर लाठी से हमला कर दिया। रमाकांत ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान उनकी मां यशोदरा देवी (70) शौच के लिए जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में आरोपी युवक ने उन पर भी लाठी-डंडे से हमला कर दिया।

चाचा को भी पीटने का आरोप

परिवार की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि महिला पर हमला करने के बाद आरोपी ने उनके देवर तेरसू पाल (65) के साथ भी मारपीट की। घटना में रमाकांत पाल, उनके पिता राज नारायण पाल और चाचा तेरसू पाल घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए पीएचसी सर्रोई भेजा। वहीं, महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

एक ही परिवार के दो चिराग बुझे: मिर्जापुर-औराई मार्ग पर ट्रक ने चाचा-भतीजे को रौंदा, परिजनों में मचा कोहराम

'आरोपी नशे की हालत में रहता है'

पीड़ित रमाकांत पाल ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक नशे की प्रवृत्ति का है और अक्सर नशे में रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार का आरोपी से पहले कोई विवाद नहीं हुआ था। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह क्या थी और हमला किस परिस्थिति में हुआ, इसका पता पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

जिगना थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का इलाज कराया गया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Mirzapur

Published :  17 September 2026, 2:40 PM IST

Advertisement