हिंदी
घाट पर डूब रहे श्रद्धालुओं को मिला जीवनदान
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के विंध्याचल गंगा घाट पर रविवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब गंगा स्नान कर रहे कुछ श्रद्धालु अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए हरियाणा से आए श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद नाविक और गोताखोर तुरंत हरकत में आए और अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा में उतर गए।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के अंबाला जिले से कुछ श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए विंध्याचल पहुंचे थे। दर्शन के बाद सभी लोग अखाड़ा घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे। बताया जा रहा है कि स्नान करते समय कुछ श्रद्धालु धीरे-धीरे गहरे पानी की तरफ चले गए। देखते ही देखते वह खुद को संभाल नहीं पाए और डूबने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बुझ गए दो घरों के चिराग, मिर्जापुर में नहाने गए बाबू और चंटू की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत
हादसे के समय श्रद्धालुओं के साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। मदद के लिए लगाई गई आवाज सुनकर घाट पर मौजूद नाविक और गोताखोर तुरंत मौके पर पहुंचे। करीब 6 से 7 नाविकों ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगा दी और डूब रहे लोगों तक पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद सभी श्रद्धालुओं को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बचाए गए श्रद्धालुओं की पहचान आशीष, सुमित, समीर, परम और राकी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी गहरे पानी में फंस गए थे और अगर थोड़ी भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। नाविकों की तत्परता और साहस की वजह से सभी की जान बच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने भी नाविकों के प्रयासों की जमकर सराहना की।
घटना के बाद श्रद्धालुओं के परिवार वालों ने नाविकों का धन्यवाद किया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि मुश्किल समय में नाविक भगवान के रूप में आए और उन्होंने हमारी जान बचा ली। घाट पर मौजूद लोगों ने भी कहा कि नाविकों की सतर्कता और बहादुरी ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। उनकी वजह से पांच परिवारों की खुशियां बच गईं।
Location : Mirzapur
Published : 15 June 2026, 12:12 PM IST