हिंदी
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक हाईराइज सोसाइटी के तीसरी मंजिल के फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फ्लैट का सारा सामान जलकर खाक हो गया।
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में हाईराइज सोसाइटी के फ्लैट में भीषण आग
Ghaziabad: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक हाईराइज सोसाइटी के तीसरी मंजिल पर बने फ्लैट से अचानक धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया। सोसाइटी में रहने वाले लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ ही मिनटों में घटना की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। मामला नंद ग्राम थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
BIG BREAKING: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में हाईराइज सोसाइटी के फ्लैट में भीषण आग, वीडियो में देखें; सब कुछ कैसे जलकर हुआ राख#upnews #ghaziabad #flatfire @FireGhaziabad pic.twitter.com/Ygc6zsYDxJ
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 3, 2026
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक फ्लैट के अंदर रखा लगभग सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। आग की वजह से घर में मौजूद फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य कीमती वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं।
इस घटना में राहत की बात यह रही कि समय रहते फ्लैट में मौजूद लोग बाहर निकल गए, जिससे किसी की जान नहीं गई। अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने के दौरान सोसाइटी के कई लोग मदद के लिए आगे आए और दमकल कर्मियों के साथ मिलकर स्थिति को संभालने में सहयोग किया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फ्लैट के अंदर बिजली के तारों में गड़बड़ी की वजह से आग भड़क सकती है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है, जिससे आग लगने की सही वजह सामने आ सके।