सुबह सो रहा था पूरा परिवार, अचानक घर बना आग का गोला; 11 साल के बेटे की मौत, मां ने रास्ते में तोड़ा दम

सीतापुर के गोपालापुर गांव में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से घर में भीषण आग लग गई। हादसे में 11 वर्षीय कृष्णा की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसकी मां गौरी ने लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। 17 वर्षीय बेटी काजल गंभीर रूप से झुलसी है। बताया जा रहा है कि घर में पेट्रोल रखा था।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 13 September 2026, 2:21 PM IST
google-preferred

Sitapur: सीतापुर के गोपालापुर गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर में शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई। उस वक्त परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से 11 वर्षीय बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसकी 40 वर्षीय मां गंभीर रूप से झुलस गई। लखनऊ ले जाते समय महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, 17 वर्षीय बेटी भी गंभीर रूप से झुलसी है और उसका इलाज चल रहा है।

सुबह अचानक घर में लगी आग

घटना रविवार सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। गोपालापुर गांव में परिवार के लोग उस समय घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग पहले घर के एक हिस्से में लगी और देखते ही देखते तेजी से फैल गई। घर में पेट्रोल केन में रखा होने की वजह से आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि परिवार के लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।

11 साल के कृष्णा की जिंदा जलकर मौत

हादसे में सबसे दर्दनाक मौत 11 वर्षीय कृष्णा की हुई। आग इतनी भयानक थी कि वह घर से बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आग बुझाने के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चे की मौत की खबर सामने आते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम का माहौल है।

खेलने निकले थे दो मासूम, तालाब में डूबकर चली गई जान; सीतापुर में 5 और 6 साल के बच्चों की मौत से मचा कोहराम

मां को लखनऊ ले जाते समय मौत

हादसे में कृष्णा की मां गौरी भी गंभीर रूप से झुलस गई थीं। उन्हें और उनकी बेटी काजल को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। महिला की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही गौरी ने दम तोड़ दिया। इस तरह कुछ ही घंटों के भीतर परिवार ने मां और बेटे को खो दिया।

दुकान पर समोसा बना रहा था कमलेश

गोपालापुर निवासी कमलेश ने बताया कि वह रविवार सुबह अपनी दुकान पर समोसा तैयार कर रहा था। सुबह करीब पौने सात बजे उसे अचानक घर की तरफ से आग की लपटें दिखाई दीं। वह तुरंत घर की ओर दौड़ा, लेकिन गांव के लोगों ने उसे अंदर जाने से रोक दिया क्योंकि आग बेहद तेजी से फैल रही थी। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई।

सीतापुर में मासूम से कुकर्म, खेलने के बहाने गन्ने के खेत में ले गया था आरोपी; कोर्ट ने सुनाई 20 साल की सजा

पेट्रोल की वजह से तेजी से फैली आग

स्थानीय लोगों के मुताबिक घर में पेट्रोल केन में रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि पेट्रोल घर में बेचने के लिए रखा गया था। हालांकि पेट्रोल वहां किस मात्रा में रखा था और आग लगने की सटीक वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह, सीओ महोली नागेंद्र चौबे और मिश्रिख समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के लोगों से जानकारी ली।

Location :  Sitapur

Published :  13 September 2026, 2:21 PM IST

Related News

Advertisement