हिंदी
मामूली विवाद ने लिया खूनी मोड़ (IMG: Dynamite News)
Pratapgarh: प्रतापगढ़ नगर कोतवाली क्षेत्र के पल्टन बाजार सब्जी मंडी में शुक्रवार रात मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि शराब के नशे में पहुंचे तीन युवकों ने सब्जी की दुकान पर बैठे युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान चाकू युवक के कान पर लगा और उसका कान कटकर जमीन पर गिर गया। खून से लथपथ युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।
पल्टन बाजार सब्जी मंडी निवासी मोहम्मद फैसल उर्फ अमन ने पुलिस को दी तहरीर में घटना की पूरी जानकारी दी है। फैसल के मुताबिक, शुक्रवार रात वह अब्दुल कलाम की सब्जी की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान विवेक नगर निवासी अनस, सब्जी मंडी शिव मंदिर निवासी परवेज और उनका एक अन्य साथी वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों युवक शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
हमले के दौरान चाकू फैसल के कान पर लगा। वार इतना गंभीर था कि उसका कान कटकर जमीन पर गिर गया। अचानक हुए इस हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। फैसल खून से लथपथ होकर घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब शोर सुना और मौके की तरफ दौड़े तो आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।
सब्जी मंडी जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात के बाद कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद नगर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटना में शामिल बताए जा रहे तीन युवकों को नामजद किया है।
पुलिस ने मोहम्मद फैसल की तहरीर पर अपराध संख्या 547/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 115(2), 352 और 118(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में तीनों नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
Location : Pratapgarh
Published : 12 September 2026, 5:41 PM IST