गोरखपुर में जमीन विवाद में खूनी हमला: झोपड़ी में सो रहे व्यक्ति पर लाठी-डंडे और सरिया से वार, टूट गया पैर

गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के लाहीडाड़ी गांव में पुश्तैनी जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि खेत की झोपड़ी में सो रहे जवाहर लाल पर लाठी-डंडे और लोहे की सरिया से हमला किया गया, जिसमें उनका दाहिना पैर टूट गया।

Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के लाहीडाड़ी गांव में पुश्तैनी जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद उस वक्त हिंसक हो गया, जब खेत में बनी झोपड़ी में सो रहे एक व्यक्ति पर कथित तौर पर लाठी-डंडे और लोहे की सरिया से हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके दाहिने पैर में गंभीर चोट लगने के बाद पैर टूट गया। घटना के बाद आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।

पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर था विवाद

लाहीडाड़ी गांव निवासी शारदा देवी पत्नी जवाहर लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके परिवार में पुश्तैनी जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर परिवार के कुछ लोगों से उनका पक्ष तनाव में चल रहा था। शारदा देवी का आरोप है कि अयोध्या और पुष्पा देवी पत्नी रामचंद्र उनके पति जवाहर लाल पर बेवजह जादू-टोना करने का आरोप लगाते हैं।

गोरखपुर में गोदाम के पास मिला अज्ञात शव, पहचान और मौत की गुत्थी में उलझी पुलिस

रात में झोपड़ी में सो रहे थे जवाहर लाल

शारदा देवी के अनुसार, 31 अगस्त की रात करीब 11 बजे उनके पति जवाहर लाल खेत में बनी झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान अंकुश पुत्र रामचंद्र अपने एक अज्ञात साथी के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने झोपड़ी में सो रहे जवाहर लाल पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की सरिया से उनके साथ मारपीट की। अचानक हुए हमले से जवाहर लाल खुद को संभाल भी नहीं सके और गंभीर रूप से घायल हो गए।

शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण

बताया गया कि मारपीट के दौरान जवाहर लाल के शोर मचाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देखकर आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने मौके पर मौजूद लोगों के सामने जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

गोरखपुर में गहनों की चोरी का अनोखा तरीका, खजनी पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने किया रेफर

सीएचसी गगहा में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि पैर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर उपचार की जरूरत है।

पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मुकदमा

मामले में शारदा देवी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। गोला थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 117(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  12 September 2026, 4:43 PM IST

Related News

Advertisement