कालीन भैया का जलवा अब बॉक्स ऑफिस पर भी! ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने पार किया 170 करोड़ का आंकड़ा

‘मिर्जापुर: द मूवी’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है और घरेलू कमाई 170 करोड़ के पार पहुंच गई है। शनिवार को भी फिल्म ने अच्छी कमाई दर्ज की, जबकि दुनियाभर में इसका कारोबार 245 करोड़ के करीब पहुंच चुका है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 13 September 2026, 9:26 AM IST
google-preferred

Mumbai: ‘मिर्जापुर’ के किरदारों का क्रेज एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने को मिल रहा है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है। पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु जैसे कलाकारों से सजी इस फिल्म ने अब भारत में 170 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है।

फिल्म की कमाई में शनिवार को भी अच्छी तेजी देखने को मिली। उपलब्ध बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने शनिवार को करीब 12.50 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन बढ़कर 170.45 करोड़ रुपये पहुंच गया।

7 हजार से ज्यादा शोज

शनिवार को फिल्म को देशभर में करीब 7,183 शोज मिले। इन शोज में फिल्म की ऑक्यूपेंसी लगभग 37 प्रतिशत रही। हिंदी भाषा में फिल्म ने अब तक करीब 169.40 करोड़ रुपये की कमाई की है, जबकि तेलुगू वर्जन से करीब 1.05 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। फिल्म का घरेलू ग्रॉस कलेक्शन करीब 203.19 करोड़ रुपये बताया गया है। वहीं विदेशों में भी फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने करीब 42 करोड़ रुपये कमाए हैं। इस तरह फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई करीब 245.19 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

ये भी पढ़ें- Nainiral: ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी पहुंचे कैंची धाम, बाबा के दरबार में लगाई हाजिरी

पहले हफ्ते में ही 148 करोड़ के पार

‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने रिलीज के पहले दिन ही 25.75 करोड़ रुपये की कमाई के साथ शुरुआत की थी। पहले शनिवार को फिल्म की कमाई करीब 32 करोड़ रुपये रही, जबकि तीसरे दिन फिल्म ने 36 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके बाद चौथे दिन फिल्म ने 16 करोड़, पांचवें दिन 15.60 करोड़, छठे दिन 12.55 करोड़ और सातवें दिन 10.55 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह पहले हफ्ते में ही फिल्म का कलेक्शन 148.45 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

आठवें दिन भी फिल्म ने करीब 9.50 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। उस दिन फिल्म को 6,763 शोज मिले और ऑक्यूपेंसी करीब 29 प्रतिशत रही।

बड़े पर्दे पर फिर लौटे पुराने चेहरे

फिल्म में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के अंदाज में नजर आ रहे हैं। अली फजल गुड्डू भैया और दिव्येंदु मुन्ना भैया के किरदार में दिखाई दे रहे हैं। इनके अलावा रवि किशन, रसिका दुग्गल, श्रिया पिलगांवकर और श्वेता त्रिपाठी जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। संजय कपूर ने सिनेमैटोग्राफी संभाली है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके प्रोड्यूसर हैं, जबकि AA फिल्म्स ने इसे रिलीज किया है। फिल्म का जॉनर एक्शन, क्राइम और थ्रिलर है।

ये भी पढ़ें- ‘हनुमान अंश’ के पार्ट-2 में दिखेगा कैंची धाम का अध्याय, बाबा नीब करौली की नैनीताल यात्रा पर बढ़ी उत्सुकता

कमाई के बीच गाने को लेकर विवाद

फिल्म की चर्चा सिर्फ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर नहीं है। ‘शूरवीर’ गाने को लेकर भी विवाद सामने आया है। रैपरिया बालम का आरोप है कि फिल्म में उनके गाने का इस्तेमाल उनकी अनुमति के बिना किया गया। रैपरिया बालम का कहना है कि यह गीत महाराणा प्रताप को समर्पित है और इसे फिल्म में गैंगस्टर से जुड़े दृश्य के साथ दिखाना उन्हें आपत्तिजनक लगा। उनका कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इस गाने को इस तरह के दृश्य में इस्तेमाल किया जाएगा।

वह गाना फिल्म से हटाने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में एक तरफ जहां ‘मिर्जापुर: द मूवी’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाई के नए आंकड़े छू रही है, वहीं दूसरी तरफ गाने को लेकर उठा विवाद भी फिल्म की चर्चा को और बढ़ा रहा है।

Location :  Mumbai

Published :  13 September 2026, 9:26 AM IST

Related News

Advertisement