Kalraj Mishra Wife: पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्र का निधन, आज नोएडा में अंतिम संस्कार

पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्र का 79 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। नोएडा के अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। आज सेक्टर-94 में उनका अंतिम संस्कार होगा।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 13 September 2026, 1:57 PM IST
google-preferred

Noida News: पूर्व राज्यपाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्र का निधन हो गया। 79 वर्षीय सत्यवती मिश्र ने नोएडा के मेट्रो अस्पताल में शनिवार रात करीब 1 बजे अंतिम सांस ली। वह पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में भर्ती थीं और फेफड़ों में संक्रमण का इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर मिलते ही नोएडा स्थित आवास पर भाजपा नेताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

सोशल मीडिया पर दी निधन की जानकारी

कलराज मिश्र ने सोशल मीडिया के जरिए पत्नी के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि उनकी धर्मपत्नी सत्यवती मिश्र अपनी जीवन यात्रा पूरी कर ईश्वर के श्रीचरणों में विलीन हो गई हैं। निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक जताया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संघ के वरिष्ठ नेता नागेंद्रनाथ त्रिपाठी, विधायक पंकज सिंह और सांसद डॉ. महेश शर्मा समेत कई नेता नोएडा स्थित उनके आवास पहुंचे। नेताओं ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की और कलराज मिश्र व उनके परिवार को सांत्वना दी।

आज नोएडा में होगा अंतिम संस्कार

परिजनों के मुताबिक, सत्यवती मिश्र का अंतिम संस्कार आज दोपहर नोएडा के सेक्टर-94 में किया जाएगा। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैतृक गांव से परिवार के सदस्य सुबह ही नोएडा पहुंचने लगे। कलराज मिश्र के भतीजे ओंकारनाथ मिश्र और ब्रह्मदेव मिश्र समेत अन्य परिजन भी नोएडा पहुंच रहे हैं। वहीं, गाजीपुर के सैदपुर स्थित पैतृक गांव मलिकपुर में भी सुबह से लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। ग्रामीण परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और सत्यवती मिश्र से जुड़ी पुरानी यादों को साझा कर रहे हैं।

अस्पताल में लेने पहुंचे थे स्वास्थ्य का अपडेट

सत्यवती मिश्र की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी नोएडा के अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने इलाज को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए थे।

करीब सात दशक का रहा कलराज मिश्र का राजनीतिक सफर

कलराज मिश्र का राजनीतिक सफर करीब सात दशक लंबा रहा है। वह तीन बार राज्यसभा सदस्य रहे और 2014 में देवरिया से लोकसभा चुनाव जीतकर नरेंद्र मोदी सरकार में MSME मंत्री बने। जुलाई 2019 में उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया। इसके बाद सितंबर 2019 में राजस्थान का राज्यपाल बनाया गया। जुलाई 2024 तक उन्होंने इस पद की जिम्मेदारी संभाली। कलराज मिश्र का जन्म 1 जुलाई 1941 को गाजीपुर के मलिकपुर गांव में हुआ था। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और बाद में जनसंघ तथा भाजपा में संगठन की कई जिम्मेदारियां संभालीं। उनकी शादी वर्ष 1963 में सत्यवती मिश्र से हुई थी। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं।

Location :  Noida

Published :  13 September 2026, 1:57 PM IST

Related News

Advertisement