बरेली के प्रभा सिनेमा में लगी भीषण आग, तीन घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, शॉर्ट सर्किट की आशंका

बरेली के रामपुर गार्डन स्थित प्रभा सिनेमा में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तीन घंटे से ज्यादा की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 30 July 2026, 3:14 PM IST
google-preferred

Bareilly: बरेली के रामपुर गार्डन स्थित प्रभा सिनेमा में गुरुवार तड़के अचानक लगी भीषण आग से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने सिनेमा भवन के अंदर के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग हरकत में आया और महज तीन मिनट के भीतर पहली दमकल मौके पर पहुंच गई। आग की गंभीरता को देखते हुए तीन दमकल गाड़ियों को लगाया गया। करीब तीन घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सिनेमा हॉल बंद था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

सुबह 4:44 बजे मिली सूचना

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मनु शर्मा के अनुसार, गुरुवार सुबह 4:44 बजे कंट्रोल रूम को प्रभा सिनेमा में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सिविल लाइन फायर स्टेशन से दमकल की टीम रवाना कर दी गई। पहला फायर टेंडर सुबह 4:47 बजे घटनास्थल पर पहुंच गया और तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया गया। आग तेजी से फैल रही थी, इसलिए अतिरिक्त संसाधन बुलाए गए और कुल तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया।

बरेली के अल्ट्रासाउंड सेंटर पर गंभीर आरोप, रिपोर्ट देखकर उड़ गए मरीज परिवार के होश

तीन घंटे 11 मिनट तक चला ऑपरेशन

जब फायर ब्रिगेड की टीम सिनेमा हॉल पहुंची तो आग भवन के अंदर काफी हिस्से में फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार करते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की। करीब तीन घंटे 11 मिनट की लगातार मशक्कत के बाद सुबह लगभग 8 बजे आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। फायर विभाग की टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है और इलेक्ट्रिकल सिस्टम समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही की पुष्टि हो सकेगी।

पार्क पर कब्जा मंजूर नहीं; बरेली के प्रेमनगर में BDA की बड़ी कार्रवाई, विरोध के बीच ढहाई गौशाला

सिनेमा के पास था वैध एनओसी

अधिकारियों ने बताया कि प्रभा सिनेमा के पास 30 मार्च 2026 को जारी अग्निशमन विभाग का वैध अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मौजूद था। इसके बावजूद आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आग से सिनेमा भवन को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। विभाग की टीम भवन के अंदर हुए नुकसान का निरीक्षण कर रही है।

पहले भी हो चुकी है आग की घटना

जानकारी के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब प्रभा सिनेमा में आग लगी हो। इससे पहले भी यहां के इलेक्ट्रिक पैनल में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कहीं बिजली व्यवस्था में कोई पुरानी तकनीकी खामी तो नहीं थी।

Location :  Bareilly

Published :  30 July 2026, 3:14 PM IST

Related News

Advertisement