हिंदी
शातिर गैंग का पर्दाफाश (Img : Google)
Noida Desk : अगर आपको भी नोएडा की कोई लड़की फ्रेंडशिप का ऑफर दे रही है तो सावधान हो जाओ। कहीं आप भी अपराधियों के चंगुल में ना फंस जाओ। पुलिस ने एक ऐसे ही गैंग का खुलासा किया है। नोएडा पुलिस ने जब खुलासा किया तो लड़कियों की हरकतों को देखकर अधिकारी भी हैरान हो गए। नोएडा में ऑनलाइन फ्रेंडशिप के नाम पर लोगों को जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से तीन लड़कियां हैं।
फर्जी फ्रेंडशिप क्लब के जरिए फंसाते थे शिकार
यह गैंग सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फर्जी फ्रेंडशिप क्लब संचालित करता था। गैंग का सदस्य पंकज यादव लोगों का मोबाइल नंबर और अन्य जानकारी जुटाकर उन्हें क्लब से जोड़ने का झांसा देता था। इसके बाद महिला सदस्य पीड़ितों से दोस्ती करती थी और मुलाकात का प्रस्ताव रखती थीं। भरोसा बनने के बाद पीड़ित को तय स्थान पर बुलाया जाता था।
जांच में सामने आया कि जैसे ही पीड़ित मिलने पहुंचता था। उसे कार में बैठाकर किसी सुनसान इलाके में ले जाया जाता था। वहां पहले उसके साथ मारपीट की जाती थी। फिर उससे नकदी, मोबाइल, कीमती सामान और वाहन लूट लिया जाता था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो जाते थे।
थाना सेक्टर-24 पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो पुरुष और तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमवीर यादव, मंजेश यादव, निधि यादव, प्रियंका यादव और काजल उर्फ रिया यादव के रूप में हुई है। इसके अलावा एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपी पंकज यादव की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई दो अन्य कारें भी पुलिस ने जब्त कर ली हैं। तलाशी के दौरान एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है। पुलिस बरामद वाहनों और अन्य सामान के संबंध में भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गैंग से कई अहम जानकारियां मिली हैं। आशंका है कि यह गिरोह नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, मोबाइल फोन, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
Location : Noida
Published : 4 July 2026, 6:08 PM IST