ट्रॉली बैग लेकर अंडरपास के नीचे खड़ा था युवक, पुलिस को देखते ही भागा; बैग खुला तो निकला 10 किलो गांजा

मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 किलो 212 ग्राम अवैध गांजा बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ट्रॉली बैग में गांजा लेकर जाने की फिराक में था। तलाशी में 1,150 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 September 2026, 6:37 PM IST
google-preferred

Mainpuri: मैनपुरी में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान भोगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 किलो 212 ग्राम अवैध गांजा बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजे को ट्रॉली बैग में लेकर कहीं जाने की फिराक में था। तलाशी के दौरान गांजे के अलावा 1,150 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर 2026 को भोगांव थाना पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराध की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ट्रॉली बैग में अवैध गांजा लेकर मक्खनपुर अंडरपास के नीचे खड़ा है। बताया गया कि वह गांजा लेकर कहीं जाने की तैयारी में है।

एक महीने पहले भी हुई थी मारपीट, अब दोबारा हमला कर उजड़ा घर का चैन: मैनपुरी में पीड़ित परिवार का छलका दर्द

पुलिस को देखकर भागने की कोशिश

पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति झाड़ियों की ओर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसका पीछा किया और मौजा जाट नगर रेलवे अंडरपास के पास कच्चे रास्ते से उसे पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान लवली उर्फ कपिल पुत्र कुंवर सिंह के रूप में हुई है।

ट्रॉली बैग से मिले पांच पैकेट

पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद ARISTOCRAT कंपनी के ट्रॉली बैग की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार बैग के अंदर पांच पैकेट मिले। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर इन पैकेटों में कुल 10 किलो 212 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा तलाशी में आरोपी के पास से 1,150 रुपये नकद और सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिला।

सावधान! लालच में आकर दूसरों को न दें अपने बैंक खाते की डिटेल, मैनपुरी में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का हुआ खुलासा

NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

बरामदगी के बाद भोगांव थाने में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 413/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Location :  Mainpuri

Published :  15 September 2026, 6:37 PM IST

Related News

Advertisement