हिंदी
साइबर ठगी गैंग के तीन आरोपी गिरफ्तार(सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में साइबर ठगी के एक गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर सेल और थाना साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को पैसे देने का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद इन्हीं खातों में साइबर ठगी की रकम मंगाई जाती थी।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी आम लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाते थे। खाते खुलने के बाद उनकी जानकारी और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर गैंग के दूसरे सदस्यों को दे दिए जाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड से हासिल रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम खाते में पहुंचने के बाद गैंग के सदस्य उसे एटीएम और पेट्रोल पंप समेत अन्य स्थानों से निकालते थे। इसके बाद रकम को सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे। गैंग में हर सदस्य को अलग-अलग काम सौंपा गया था।
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के बारे में जानकारी जुटा रही है।
मैनपुरी में गैंगस्टर पर बड़ा एक्शन, ढोल-नगाड़ों के साथ दो पेट्रोल पंप कुर्क
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने कितने लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया और साइबर ठगी की रकम कितनी थी।
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर पैसों के लालच में अपना बैंक खाता न खुलवाएं और न ही बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड, पासबुक या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर किसी दूसरे को दें। ऐसी लापरवाही से व्यक्ति खुद भी साइबर अपराध के मामले में फंस सकता है।
Location : Mainpuri
Published : 11 September 2026, 4:20 PM IST